Ballia murder case today: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनी खेज वारदात सामने आई है. थाना रसड़ा क्षेत्र के ग्राम नत्थूपुर महज़ 2 बोरी गेहूं के विवाद में एक कलयुगी बेटे ने अपने ही पिता की हत्या कर दी है और मां को गंभीर हालत में छोड़ गया. पुलिस ने आरोपी बेटे को हिरासत में ले लिया है.
ADVERTISEMENT
मिली जानकारी के अनुसार ग्राम नत्थूपुर के पास आज सुबह 75 वर्षी महेंद्र चौहान का शव बरामद हुआ. मौके पर पहुंची पुलिस को मृतक की पत्नी भी लहूलुहान और गंभीर रूप घायल अवस्था में मिली. उन्होंने तत्काल प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए जिला अस्पताल बलिया रेफर कर दिया. मृतक के दूसरे पुत्र शुकुल चौहान ने पुलिस को बताया कि घर में पिछले 2 दिनों से विवाद चल रहा था. विवाद की जड़ आरोपी बेटा पप्पू चौहान था जो अपनी बेटी (मृतक की पोती) को दो बोरी गेहूं देना चाहता था. जिसका घर में विरोध हो रहा था। इसी रंजिश में पप्पू ने अपने बुजुर्ग पिता पर जानलेवा हमला कर दिया.
घटना की सूचना मिलते ही रसड़ा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है. क्षेत्राधिकार रसड़ा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक के पुत्र शुकुल चौहान की तहरीर पर आरोपी पप्पू चौहान के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया है. आरोपी को पुलिस हिरासत में ले लिया गया है और उससे पूछताछ जारी है. गांव में शांति व्यवस्था कायम है. पुलिस मामले की गहराई से छानबीन कर रही है ताकि हत्या में इस्तेमाल किए गए हथियार और घटना के अन्य पहलुओं का खुलासा हो सके.
ADVERTISEMENT









