Ballia News: उत्तर प्रदेश के बलिया जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां दोस्ती के रिश्ते पर खून के छींटे पड़ गए. नरही थाना क्षेत्र के सोहांव गांव में एक युवक को उसके ही दोस्तों ने गोली मार दी. घायल युवक की पहचान आर्यन यादव के रूप में हुई है, जो बिहार के बक्सर का निवासी है.
ADVERTISEMENT
घटना रविवार रात की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, आर्यन यादव को उसके दोस्तों ने साजिश के तहत बक्सर से बलिया बुलाया. उसे मोटरसाइकिल से सोहांव गांव लाया गया, जहां अचानक उसके परिचितों ने उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. इस हमले में आर्यन को चार गोलियां लगीं, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया.
घटना की सूचना मिलते ही 112 नंबर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल को तत्काल जिला अस्पताल बलिया पहुंचाया. अस्पताल में आर्यन ने बताया कि उस पर हमला गर्लफ्रेंड से जुड़े विवाद के कारण किया गया.
प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए बीएचयू वाराणसी रेफर कर दिया.
पुलिस की शुरुआती जांच में चौंकाने वाले तथ्य सामने आए हैं. बताया जा रहा है कि इस वारदात को अंजाम किसी और ने नहीं, बल्कि आर्यन के अपने दोस्त—बम और बबलू यादव—ने दिया. पुलिस के अनुसार, मामला प्रथम दृष्टया प्रेम प्रसंग से जुड़ा प्रतीत हो रहा है.
घटना के बाद गांव में तनाव की स्थिति को देखते हुए भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मामले की गंभीरता को देखते हुए उच्च अधिकारी भी मौके पर नजर बनाए हुए हैं.
एएसपी कृपा शंकर ने बताया कि आरोपियों के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा.
यह भी पढ़ें: सूर्य के अश्विनी नक्षत्र में प्रवेश से बदलेगा ग्रहों का खेल, इन 4 राशियों का शुरू होगा अच्छा समय
ADVERTISEMENT









