मदरसे पर चला बुलडोजर, देखते ही देखते ढहा दिए गए 12 अवैध निर्माण, बहराइच में भारी पुलिस बल के साथ प्रशासन का बड़ा एक्शन!

राम बरन चौधरी

30 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Bahraich Bulldozer Action: बहराइच में ग्राम सभा की जमीन पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया है.

Bahraich Bulldozer Action News

Bahraich Bulldozer Action News

Google CTA

Bahraich Madrasa Demolition News: बहराइच में ग्राम सभा की जमीन पर हुए अतिक्रमण के खिलाफ प्रशासन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए बुल्डोजर चलाया है. पयागपुर तहसील के सिंहपुर गांव में कोर्ट के आदेश के बाद राजस्व विभाग और पुलिस की संयुक्त टीम ने ग्राम सभा की बंजर भूमि पर बने 11 अवैध दुकानों और एक मदरसे को ध्वस्त कर दिया. कार्रवाई के दौरान इलाके में भारी पुलिस बल तैनात रहा और पूरी प्रक्रिया शांतिपूर्ण ढंग से पूरी कराई गई.

यह भी पढ़ें...

ग्राम सभा की जमीन पर लंबे समय से था कब्जा

प्रशासन के मुताबिक सिंहपुर गांव में ग्राम सभा की बंजर भूमि पर लंबे समय से अवैध कब्जा कर दुकानें और एक मदरसा संचालित किया जा रहा था. इस मामले को लेकर न्यायालय में सुनवाई चल रही थी. कोर्ट से अतिक्रमण हटाने का आदेश मिलने के बाद प्रशासन ने कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी और तय कार्यक्रम के तहत मौके पर पहुंचकर कब्जा हटाने की प्रक्रिया शुरू की.

बुल्डोजर से हटाए गए अवैध निर्माण

राजस्व विभाग, पुलिस और अन्य संबंधित अधिकारियों की मौजूदगी में बुल्डोजर चलाकर एक-एक कर सभी अवैध निर्माणों को गिराया गया. कार्रवाई से पहले संबंधित लोगों को न्यायालय के आदेश की जानकारी भी दी गई. प्रशासन ने सुरक्षा के मद्देनजर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती की थी, ताकि किसी तरह की अप्रिय स्थिति पैदा न हो. हालांकि कार्रवाई के दौरान किसी प्रकार का विरोध या कानून-व्यवस्था की समस्या सामने नहीं आई.

तहसीलदार ने बताई कार्रवाई की वजह

तहसीलदार अंबिका चौधरी ने बताया कि ग्राम सभा की जमीन सार्वजनिक संपत्ति होती है और उस पर अवैध कब्जा करना कानून के खिलाफ है. उन्होंने कहा कि न्यायालय के निर्देशों के पालन में यह कार्रवाई की गई है. प्रशासन का उद्देश्य सरकारी और सार्वजनिक भूमि को अतिक्रमण मुक्त कराकर उसका उपयोग जनहित के कार्यों में करना है.

आगे भी जारी रहेगा अभियान

प्रशासन का कहना है कि जिले में सरकारी और ग्राम सभा की जमीनों पर किए गए अवैध कब्जों की पहचान की जा रही है. जहां भी अतिक्रमण मिलेगा, वहां नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी. अधिकारियों ने लोगों से सरकारी भूमि पर कब्जा न करने की अपील की है. वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि इस जमीन को कब्जामुक्त कराने की मांग लंबे समय से की जा रही थी. प्रशासन ने साफ किया है कि भविष्य में भी अतिक्रमण के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा.