अयोध्या में बुर्के वाली डकैत लड़की को लेकर हुआ चौंकाने वाला खुलासा! इसका नाम जानकर रह जाएंगे दंग

यूपी तक

• 06:44 PM • 03 Apr 2026

Ayodhya Viral News: अयोध्या के रुदौली में बुर्का पहनकर लूट करने वाली पायल और उसके प्रेमी राहुल को पुलिस ने गिरफ्तार किया. पहचान छिपाने के लिए लड़की ने पहना था बुर्का, 26 ग्राम सोना बरामद.

Google CTA

अयोध्या के रुदौली थाना क्षेत्र में एक ज्वेलरी शॉप में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात का पुलिस ने सफल अनावरण कर दिया है. बुर्का पहनकर पिस्टल की नोक पर ज्वेलरी लूटने वाली कोई मुस्लिम महिला नहीं, बल्कि पायल नाम की एक हिंदू लड़की निकली, जिसने अपनी पहचान छिपाने के लिए बुर्के का सहारा लिया था. पुलिस ने पायल और उसके प्रेमी राहुल को गिरफ्तार कर उनके पास से लूटा गया सोना बरामद कर लिया है.

यह भी देखें...

बुर्के की आड़ में लूट

घटना रुदौली के एक व्यस्त बाजार की है, जहां पायल बुर्का पहनकर महेश ज्वेलर्स नाम की दुकान पर ग्राहक बनकर पहुंची. उसने बड़ी चतुराई से दुकानदार को बातों में उलझाया और करीब 26 ग्राम सोने का हार और चेन दिखाने को कहा. मौका मिलते ही उसने जेवर अपने बैग में भर लिए. जब दुकानदार को शक हुआ और उसने रोकने की कोशिश की, तो पायल ने फिल्मी अंदाज में अपनी कमर से पिस्टल निकाल ली और जान से मारने की धमकी देते हुए बाहर निकल गई.

बाहर बाइक स्टार्ट कर खड़ा था प्रेमी राहुल

दुकान के बाहर पायल का प्रेमी राहुल पहले से ही बाइक स्टार्ट कर उसका इंतजार कर रहा था. जैसे ही पायल बाहर निकली, दोनों बाइक पर सवार होकर रफूचक्कर हो गए. दिनदहाड़े हुई इस वारदात से पूरे इलाके में हड़कंप मच गया. हालांकि, आरोपियों की यह चालाकी ज्यादा देर काम नहीं आई. दुकान और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में बाइक का नंबर और आरोपियों की गतिविधि कैद हो गई, जो पुलिस के लिए सबसे बड़ा सुराग साबित हुई.

पहचान छिपाने का 'मास्टरप्लान' हुआ फेल

पुलिस की सघन चेकिंग और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर की गई घेराबंदी के बाद दोनों को गिरफ्तार कर लिया गया. पूछताछ में खुलासा हुआ कि पायल ने जानबूझकर बुर्का पहना था ताकि पुलिस और जनता को गुमराह किया जा सके और किसी को उस पर शक न हो. पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि यह प्रेमी युगल काफी समय से साथ थे और शॉर्टकट से अमीर बनने के चक्कर में उन्होंने इस अपराध को अंजाम दिया.

एसपी ग्रामीण ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटा गया शत-प्रतिशत जेवर बरामद कर लिया गया है. इस सनसनीखेज खुलासे के बाद स्थानीय व्यापारियों ने राहत की सांस ली है. पुलिस अब इस बात की भी जांच कर रही है कि क्या इस जोड़े ने पहले भी इस तरह की किसी वारदात को अंजाम दिया है.