Prayagraj Student Protest: प्रयागराज में 25 जुलाई को विभिन्न छात्र संगठनों द्वारा एकजुट होकर धरना प्रदर्शन किया गया है. दिल्ली के जंतर-मंतर पर प्रदर्शनकारी छात्रों पर हुए पुलिस लाठीचार्ज और देशभर में लगातार हो रहे पेपर लीक के विरोध में यह प्रदर्शन किया गया है. संगम नगरी प्रयागराज के सिविल लाइंस इलाके में स्थित धरना स्थल पर कई छात्र इकट्ठा हुए और केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग की है. छात्रों का कहना है कि देश भर में लगातार हो रहे पेपर लीक से युवाओं का भविष्य बर्बाद हो रहा है, जिसे अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
ADVERTISEMENT
पीएम के फ्रेंड्स बयान पर सवाल
धरने पर मौजूद एक यूपीएससी और एनडीए अभ्यर्थी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हालिया वीडियो संदेश पर कड़ा ऐतराज जताया है. छात्र ने सवाल उठाया कि प्रधानमंत्री 'फ्रेंड्स' बोलकर वीडियो बना रहे हैं, लेकिन क्या दोस्तों के ऊपर इस तरह लाठी चलाई जाती है. छात्र का आरोप है कि दिल्ली पुलिस ने नियमों को ताक पर रखकर प्रदर्शनकारी छात्राओं की छाती और पीठ पर लाठियां मारीं और उनके साथ बर्बरता की है. छात्रों की मांग है कि 20 जुलाई को हुई इस बर्बरता के लिए प्रधानमंत्री को माफी मांगनी चाहिए और दिल्ली पुलिस कमिश्नर को तुरंत बर्खास्त किया जाना चाहिए.
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग
प्रयागराज के धरना स्थल पर छात्र संगठन लगातार नारेबाजी करते नजर आए. इलाहाबाद विश्वविद्यालय के छात्रों और आइसा (AISA) संगठन के कार्यकर्ताओं ने हाथों में बैनर और पोस्टर लेकर अपना विरोध दर्ज कराया. छात्रों ने कहा कि देश के हर राज्य में पेपर लीक हो रहे हैं और पूरा एजुकेशन सिस्टम खराब हो चुका है. छात्रों का कहना है कि जब तक धर्मेंद्र प्रधान अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक यह विरोध प्रदर्शन इसी तरह जारी रहेगा.
प्रयागराज में भारी पुलिस बल तैनात
सिविल लाइंस स्थित धरना स्थल पर हजारों छात्रों के जमावड़े को देखते हुए प्रयागराज पुलिस पूरी तरह अलर्ट नजर आई. प्रदर्शन को उग्र होने से रोकने और सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए मौके पर भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई. छात्रों का कहना है कि सरकार युवाओं को मुद्दों से भटकाने का काम कर रही है, लेकिन अब देश का युवा जाग चुका है. छात्रों ने साफ कर दिया है कि चाहे कोई भी सरकार हो, अगर युवाओं के साथ अन्याय और बर्बरता होगी तो वे अपने हक के लिए इसी तरह सवाल उठाते रहेंगे.
ADVERTISEMENT










