'सभी वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं...' राम मंदिर के आभूषण चोरी पर उठे सवालों के बीच ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि का जवाब आया सामने

आशुतोष चौबे

• 09:27 AM • 07 Jul 2026

राम मंदिर आभूषण प्रदर्शन को लेकर अयोध्या में श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने बड़ा स्पष्टीकरण दिया है. कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि ने चर्चा में आई बहुमूल्य दान वस्तुएं दिखाते हुए उन्हें पूरी तरह सुरक्षित बताया.

Govind Dev Giri statement

Govind Dev Giri Statement (Photo Enhanced by AI)

Google CTA

Ayodhya Ram Temple News: अयोध्या में राम मंदिर के आभूषणों और बहुमूल्य दान सामग्री को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अपनी स्थिति स्पष्ट की है. ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने मीडिया के सामने उन प्रमुख वस्तुओं को प्रदर्शित किया, जिनके बारे में हाल के दिनों में अलग-अलग तरह की बातें कही जा रही थीं. उन्होंने कहा कि चर्चा में आई सभी वस्तुएं पूरी तरह सुरक्षित हैं और किसी भी तरह की अफवाह पर विश्वास नहीं किया जाना चाहिए.
 

यह भी पढ़ें...

रामचरितमानस समेत अन्य वस्तुएं दिखाईं

स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने प्रदर्शन के दौरान कहा 'जिस रामायण की चर्चा प्रसार माध्यमों में बहुत ज़ोर-शोर से हो रही है और जो स्वर्णांकित रामचरितमानस की पोथी यहां प्रदान की गई है, वह अत्यंत आदर के साथ सुरक्षित रखी हुई है. आप यहां पर देख सकते हैं. जिन कागभुशुंडी जी महाराज की चर्चा हो रही है, वे भी यहां पर हैं. जिन पादुकाओं की बातें चली हैं, जिन पर भगवान के चरणचिह्न अंकित हैं, वे पादुकाएं भी यहां सुरक्षित रखी हुई हैं.'

'सिर्फ नमूने के तौर पर रखी गई हैं पांच प्रमुख वस्तुएं'

कोषाध्यक्ष ने बताया कि मीडिया के सामने केवल उन्हीं वस्तुओं को प्रदर्शित किया गया है, जिनकी सबसे अधिक चर्चा हो रही थी. उन्होंने कहा 'हमने यहां केवल नमूने के रूप में वही वस्तुएं रखी हैं, जिनकी चर्चा हो रही है. ऐसी कुल 2,800 वस्तुएं हमारे संग्रह में हैं. इसलिए किसी प्रकार का भ्रम या विवाद पैदा करने की आवश्यकता नहीं है और न ही किसी अफवाह पर विश्वास करने की जरूरत है.'

दानदाता प्रमाण के साथ देख सकते हैं अपनी वस्तु

स्वामी गोविंद देव गिरि जी महाराज ने यह भी कहा कि यदि किसी दानदाता को अपनी दान की गई वस्तु देखने की इच्छा हो, तो वह आवश्यक प्रमाण के साथ आकर उसका अवलोकन कर सकता है. उन्होंने कहा 'यदि किसी दानदाता को ऐसा लगता है कि उसे अपनी कोई वस्तु देखनी है, तो वह प्रमाण के साथ यहां आकर उस वस्तु का अवलोकन कर सकता है. संग्रह बहुत बड़ा है, इसलिए हमने केवल पांच प्रमुख वस्तुएं, जिनकी सबसे अधिक चर्चा हो रही है, आपके अवलोकन के लिए यहां प्रदर्शित की हैं.' ट्रस्ट ने अपील की कि लोगों को अपुष्ट सूचनाओं और अफवाहों से बचना चाहिए तथा आधिकारिक जानकारी पर ही भरोसा करना चाहिए.