भाई की शादी, कार और दोस्तों पर लाखों उड़ाए..., राम मंदिर चढ़ावा चोरी से अविनाश शुक्ला ने खर्च किए थे 19,00,000 लाख रुपए

यूपी तक

07 Jul 2026 (अपडेटेड: 07 Jul 2026, 10:03 AM)

राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामले में पूछताछ के दौरान आरोपी अविनाश शुक्ला से जुड़े नए दावे सामने आए हैं. जानकारी के मुताबिक, अयोध्या में पुलिस परिवार, दोस्तों को दिए गए पैसों, बैंक खातों और संपत्तियों की जांच कर रही है.

Avinash Shukla Interrogation News

Avinash Shukla Interrogation News (Photo: AI)

Google CTA

Avinash Shukla Interrogation News: अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा गड़बड़ी मामले की जांच लगातार आगे बढ़ रही है. जानकारी के मुताबिक, गिरफ्तार आरोपी अविनाश शुक्ला से पूछताछ के दौरान कई अहम जानकारियां सामने आई हैं. पुलिस सूत्रों का दावा है कि अविनाश ने कथित तौर पर गबन की गई रकम में से करीब 19 लाख रुपये अपने परिवार और दोस्तों पर खर्च करने की बात स्वीकार की है. जांच एजेंसियां अब इस रकम के लेन-देन, बैंक खातों और संपत्तियों की बारीकी से पड़ताल कर रही हैं.

यह भी पढ़ें...

कार और परिवार पर खर्च किए लाखों रुपये

जानकारी के मुताबिक, पूछताछ में अविनाश शुक्ला ने बताया कि उसने अपने एक भाई की शादी के लिए करीब 6 लाख रुपये खर्च किए. वहीं दूसरे भाई को लगभग 5 लाख रुपये दिए गए. जांच के दौरान यह भी सामने आया कि आरोपी ने करीब 3.5 लाख रुपये की एक कार खरीदी थी, जिसे पुलिस पहले ही बरामद कर चुकी है. अधिकारियों के अनुसार, इन खर्चों का पूरा वित्तीय रिकॉर्ड जुटाया जा रहा है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि कथित गबन की रकम का इस्तेमाल किन-किन माध्यमों से किया गया.

दोस्त के खाते में 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर

पुलिस सूत्रों के अनुसार, अविनाश शुक्ला ने अपने एक दोस्त के बैंक खाते में करीब 2.5 लाख रुपये ट्रांसफर किए थे. इसके अलावा उसे एक महंगा मोबाइल फोन भी उपहार में देने की बात सामने आई है. जानकारी के मुताबिक, जांच एजेंसियों को यह भी पता चला है कि कुछ अन्य लोगों को भी अलग-अलग रकम दी गई थी. फिलहाल पुलिस इन सभी लेन-देन की जांच कर रही है और यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि कथित गबन की रकम किन-किन लोगों तक पहुंची.

जमीन और बैंक खातों की जांच तेज

जांच के दौरान पुलिस ने अविनाश शुक्ला के दोनों भाइयों से भी पूछताछ की है और कई महत्वपूर्ण दस्तावेज अपने कब्जे में लिए हैं. जानकारी के मुताबिक साल 2024 में उसके भाई अभिषेक शुक्ला के नाम पर खरीदी गई जमीन की भी जांच की जा रही है. साथ ही उन बैंक खातों की भी पड़ताल हो रही है, जिनमें कथित तौर पर गबन की गई रकम ट्रांसफर की गई थी. पुलिस का कहना है कि जिन लोगों तक यह पैसा पहुंचा है, उनसे राशि की वसूली के लिए कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.

 विदेशी मुद्रा पहले ही हो चुकी है बरामद

इस मामले में पुलिस पहले ही अविनाश शुक्ला के कब्जे से 20.39 लाख रुपये नकद, 1,121 अमेरिकी डॉलर, सोने के आभूषण, चांदी के गहने, अन्य कीमती सामान और एक कार बरामद कर चुकी है. जांच एजेंसियां अब पूरे वित्तीय नेटवर्क, बैंकिंग लेन-देन और कथित गबन से जुड़े प्रत्येक पहलू की जांच में जुटी हैं. पुलिस का कहना है कि मामले में सामने आने वाले सभी तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

(आज तक के इनपुट से)