Ram Mandir News: साल 2024 के जनवरी महीने की 22 वो तारीख है, जिस दिन अयोध्या के राम मंदिर में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामलला की मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा करेंगे. इस आयोजन के लिए तैयारियां जोर शोर से चल रही हैं. रामलला की प्राण प्रतिष्ठा को लेकर पूरे देश में उत्साह का माहौल है. वहीं प्राण प्रतिष्ठा कार्यक्रम से पहले राम भक्ति की कई हैरान कर देने वाली कहानियां सामने आ रही हैं. इसी क्रम में मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल से एक कहानी सामने आई है, जहां कारसेवा के दौरान दिव्यांग हुए शख्स अचल सिंह मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भावुक अपील की है.
ADVERTISEMENT
ऐसे दिव्यांग हुए थे अचल
आज से ठीक 31 साल पहले 6 दिसंबर 1992 की ही वह तारीख थी, जब देशभर से जुटे कार सेवकों ने विवादित ढांचा को गिरा दिया था और राम मंदिर को बनाने का संकल्प लिया था. मंदिर निर्माण का संकल्प लेने वाले हजारों राम भक्तों में भोपाल के अचल सिंह मीना भी शामिल थे. अचल सिंह मीना भी हजारों राम भक्तों के साथ 6 दिसंबर को अयोध्या में मौजूद थे. अचल सिंह मीना विवादित ढांचे को गिराने के लिए ऊपर चढ़ गए थे. थोड़ी देर बाद जब ढांचा गिरा, तो उसका एक हिस्सा अचल सिंह की पीठ पर गिरा और वो दिव्यांग हो गए.
अचल की पीठ पर गिरा था बाबरी का मलबा
3 दिसंबर 1992 को अचल तब 30 साल के थे तब बजरंग दल के जिला संयोजक और वर्तमान में भोपाल की कोलार सीट से विधायक रामेश्वर शर्मा के साथ भोपाल से पुष्पक एक्सप्रेस में बैठकर लखनऊ और फिर वहां से फैजाबाद पहुंचे थे. 6 दिसंबर को बाबरी विध्वंस के दौरान गुंबद के एक हिस्से का मलबा अचल की पीठ पर गिरा और कमर के नीचे का पूरा हिस्सा काम करनाबंद हो गया.
अचल ने पीएम मोदी से की ये अपील
वहीं इस घटना के बाद अचल सिंह मीणा भोपाल के पास स्थित एक गांव में गुमनामी की जिंदगी बिताने पर मजबूर हैं. हमारे सहयोगी चैनल एमपी तक से बात करते हुए अचल सिंह मीणा ने इच्छा जताई है कि रामलला के दर्शन और अयोध्या में जाने का उनका सपना पूरा हो. इसके लिए अचल सिंह मीणा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सीएम मोहन से गुहार लगाई है कि 22 जनवरी के बाद ही सही लेकिन एक बार उसे रामलला के दर्शनों का लाभ जरूर दिलाएं.
ADVERTISEMENT









