Amethi Police Recruitment Exam: उत्तर प्रदेश पुलिस आरक्षी भर्ती परीक्षा-2026 की पहली पाली सोमवार को जनपद के 12 परीक्षा केंद्रों पर शांतिपूर्ण एवं निष्पक्ष वातावरण में संपन्न हुई. परीक्षा में कुल 4,752 अभ्यर्थी पंजीकृत थे, जिनमें से 3,440 अभ्यर्थियों ने परीक्षा में भाग लिया, जबकि 1,312 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे. इस प्रकार पहली पाली में 72.4 प्रतिशत उपस्थिति तथा 27.6 प्रतिशत अनुपस्थिति दर्ज की गई.
ADVERTISEMENT
भर्ती परीक्षा को नकलविहीन, पारदर्शी और सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन एवं पुलिस विभाग द्वारा व्यापक सुरक्षा प्रबंध किए गए थे. परीक्षा केंद्रों पर अभ्यर्थियों को सघन जांच, बायोमेट्रिक सत्यापन तथा पहचान पत्रों के मिलान के बाद ही प्रवेश दिया गया. केंद्रों के बाहर और परिसर में पर्याप्त पुलिस बल तैनात रहा.
परीक्षा की निगरानी के लिए कंट्रोल रूम से सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से लगातार नजर रखी गई. वहीं ड्रोन कैमरों की मदद से परीक्षा केंद्रों के आसपास की गतिविधियों पर भी पैनी निगाह रखी गई. जिलाधिकारी संजय चौहान ने विभिन्न परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा केंद्र व्यवस्थापकों से परीक्षा संचालन संबंधी जानकारी प्राप्त की.
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. ने बताया कि परीक्षा को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिले को जोन एवं सेक्टरों में विभाजित कर अधिकारियों और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. पहली पाली की परीक्षा पूरी तरह शांतिपूर्ण और निष्पक्ष ढंग से संपन्न हुई तथा कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था या शिकायत की सूचना नहीं मिली.
परीक्षा समाप्त होने के बाद केंद्रों से बाहर निकले अभ्यर्थी प्रश्नपत्र के स्तर और संभावित कटऑफ को लेकर चर्चा करते नजर आए. वहीं दूसरी पाली की परीक्षा के लिए सभी केंद्रों पर सुरक्षा और प्रशासनिक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली गईं. अधिकारियों ने बताया कि आगामी पालियों में भी सुरक्षा और निगरानी के सभी इंतजाम प्रभावी रूप से लागू रहेंगे.
ADVERTISEMENT










