Amethi News: सरकारी टंकी की सफाई के दौरान करंट लगने से युवक की मौत, परिजनों ने लगाया लापरवाही का आरोप

Newzo

• 12:38 PM • 08 Jun 2026

Amethi News: अमेठी के संग्रामपुर क्षेत्र में सरकारी पानी की टंकी की सफाई के दौरान 22 वर्षीय युवक की करंट लगने से मौत हो गई. परिजनों ने सुरक्षा मानकों की अनदेखी और लापरवाही का आरोप लगाते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. घटना से गांव में शोक और आक्रोश व्याप्त है.

  Amethi Water Tank Cleaning Accident

Amethi Water Tank Cleaning Accident

Google CTA

Amethi News: संग्रामपुर थाना क्षेत्र के पूरे मुरारपुर मजरे उत्तरगांव में सोमवार सुबह सरकारी पानी की टंकी की सफाई के दौरान करंट लगने से एक युवक की दर्दनाक मौत हो गई. घटना के बाद परिजनों में आक्रोश फैल गया. उन्होंने सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाते हुए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग की और रिपोर्ट दर्ज होने तक शव का पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया.

यह भी पढ़ें...

जानकारी के अनुसार पूरे मुरारपुर निवासी अभयनंदन (22) पुत्र शीतला प्रसाद को सोमवार सुबह गांव के कुछ लोगों द्वारा मजदूरी के लिए बुलाया गया था. आरोप है कि उसे सरकारी टंकी की सफाई कराने के लिए मौके पर ले जाया गया. सफाई कार्य के दौरान वह टंकी के ऊपर से गुजर रही 11 हजार वोल्ट की हाईटेंशन विद्युत लाइन की चपेट में आ गया. तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलस गया.

मौके पर मौजूद लोगों ने आनन-फानन में उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र संग्रामपुर पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. युवक की मौत की सूचना मिलते ही परिजन अस्पताल पहुंच गए और शव को घर ले आए.

मृतक के पिता शीतला प्रसाद का आरोप है कि बिना किसी सुरक्षा व्यवस्था के उनके बेटे से टंकी की सफाई कराई गई, जिसके चलते उसकी जान चली गई. उन्होंने घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है.

सूचना मिलने पर पुलिस गांव पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी. परिजनों ने स्पष्ट कहा कि जब तक उनकी तहरीर पर मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा, तब तक वे शव का पोस्टमार्टम नहीं होने देंगे. घटना के बाद गांव में शोक और आक्रोश का माहौल बना रहा.

थानाध्यक्ष संजय सिंह ने बताया कि परिजनों से तहरीर प्राप्त हुई है. मामले की जांच की जा रही है तथा तथ्यों के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.