Amethi News: जिले के बाजार शुकुल थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से क्षेत्र में सनसनी फैल गई. विवाहिता का शव गांव में फांसी के फंदे से लटकता मिला. सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है.
ADVERTISEMENT
मामला बाजार शुकुल क्षेत्र के धनेश पाठक का पुरवा गांव का है. यहां 28 वर्षीय प्रेरणा पाल पत्नी मनोज पाल का शव घर में फांसी के फंदे से लटकता हुआ पाया गया. घटना की जानकारी मिलते ही परिजन उसे तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शुकुल बाजार लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया. बताया जा रहा है कि प्रेरणा और मनोज ने लगभग दो वर्ष पूर्व प्रेम विवाह किया था. घटना के बाद मायके पक्ष के लोगों ने पति और ससुराल पक्ष पर गंभीर आरोप लगाए हैं. उनका कहना है कि प्रेरणा की हत्या करने के बाद शव को फंदे से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने का प्रयास किया गया है.
घटना की सूचना पर पुलिस और फील्ड यूनिट की टीम मौके पर पहुंची. टीम ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए. पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी. घटना के बाद गांव में चर्चा का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है.
ADVERTISEMENT










