Amethi Job Fraud: अमेठी में नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख की ठगी, फर्जी नियुक्ति पत्र देकर युवक से धोखाधड़ी

Amethi News: नौकरी का सपना दिखाकर लाखों की ठगी का मामला अमेठी में सामने आया है. आयकर विभाग और आंगनबाड़ी सुपरवाइजर पद पर भर्ती का झांसा देकर आरोपी ने दंपति से 10 लाख रुपये ऐंठ लिए। फर्जी दस्तावेज, बाउंस चेक और धमकियों के आरोप पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की.

 Amethi Job Scam

Amethi Job Scam

Newzo

• 12:16 PM • 06 Jun 2026

follow google news

Amethi News: नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये की ठगी करने के आरोप में अमेठी कोतवाली पुलिस ने एक व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर की गई है. भगवानपुर मजरे उमापुर गानापट्टी निवासी संजय कुमार प्रजापति ने पुलिस को दी गई शिकायत में आरोप लगाया है कि सीतारामपुर मजरे बांहापुर निवासी अजय कुमार पाठक ने पहले उन्हें आयकर विभाग में इंस्पेक्टर की नौकरी दिलाने का झांसा देकर 5 लाख रुपये लिए. इसके बाद व्हाट्सएप पर कथित चयन सूची और पुलिस सत्यापन से संबंधित दस्तावेज भेजे गए. जब दस्तावेजों की जांच कराई गई तो वे फर्जी निकले.

यह भी पढ़ें...

पीड़ित का आरोप है कि बाद में आरोपी ने उनकी पत्नी सीमा देवी को आंगनबाड़ी सुपरवाइजर के पद पर नौकरी दिलाने का भरोसा देकर 5 लाख रुपये और ले लिए. इस तरह कुल 10 लाख रुपये विभिन्न किस्तों में आरोपी को दिए गए. आरोप है कि वर्ष 2022 में आरोपी ने एक कथित नियुक्ति पत्र भी दिया, लेकिन कुछ दिन बाद हस्ताक्षर कराने का बहाना बनाकर वापस ले लिया और फिर लगातार टालमटोल करता रहा.

संजय कुमार का कहना है कि करीब तीन साल बीत जाने के बाद भी न तो नौकरी मिली और न ही पूरी रकम वापस हुई. आरोपी ने केवल 75 हजार रुपये लौटाए, जबकि शेष 9.25 लाख रुपये बकाया हैं. भुगतान के लिए दिए गए तीन चेक भी बैंक में बाउंस हो गए. पीड़ित ने आरोपी पर पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी देने का भी आरोप लगाया है.

अमेठी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राम पाण्डेय ने बताया कि मामले में अजय कुमार पाठक के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 420, 468, 471 और 506 के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.