Amethi News: जायस थाना क्षेत्र में एक विवाहिता की संदिग्ध मौत के मामले में दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पिता ने पति और ससुराल पक्ष के खिलाफ तहरीर दी है. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि बुलेट मोटरसाइकिल और दो लाख रुपये नकद की मांग पूरी न होने पर उसकी पुत्री को लगातार प्रताड़ित किया गया और अंततः जहर देकर उसकी हत्या कर दी गई.
ADVERTISEMENT
जायस थाना क्षेत्र के पूरे भीखमशाह (नजर मोहरी-1) निवासी मनीराम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनकी पुत्री विमलेश का विवाह 29 अप्रैल 2025 को रघुनाथ के पुत्र अरविंद के साथ हुआ था. आरोप है कि विवाह के कुछ समय बाद से ही पति अरविंद और उसकी मां दहेज में बुलेट मोटरसाइकिल तथा दो लाख रुपये नकद की मांग करने लगे. मांग पूरी न होने पर विवाहिता के साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था.
मनीराम के अनुसार, जब वह कुछ समय पूर्व अपनी बेटी को मायके लाने ससुराल पहुंचे तो उसे भेजने से मना कर दिया गया. आरोप है कि 10 जुलाई 2026 को ससुराल पक्ष ने विमलेश को जहर दे दिया. बाद में रिश्तेदारों के माध्यम से सूचना मिली कि उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. परिजन अस्पताल पहुंचे तो उनकी पुत्री की मौत हो चुकी थी.
घटना से परिवार में कोहराम मचा हुआ है. मृतका के पिता ने पति, सास समेत अन्य ससुरालीजनों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कठोर कार्रवाई की मांग की है. पुलिस का कहना है कि तहरीर प्राप्त हो गई है. मामले की जांच की जा रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसके आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT











