Amethi News: लखनऊ में एनएसयूआई द्वारा NEET परीक्षा में कथित धांधली और पेपर लीक के विरोध में प्रस्तावित विधानसभा घेराव कार्यक्रम से पहले अमेठी में कांग्रेस नेताओं को हाउस अरेस्ट किए जाने का मामला सामने आया है. कांग्रेस नेताओं का आरोप है कि देर रात पुलिस उनके आवासों पर पहुंची और बिना कोई स्पष्ट कारण बताए उन्हें घरों से बाहर निकलने से रोक दिया गया.
ADVERTISEMENT
जानकारी के अनुसार, यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह को देर रात उनके आवास पर ही हाउस अरेस्ट कर दिया गया। इसके अलावा कांग्रेस नेता प्रांजल तिवारी, राजू ओझा, हनुमत विश्वकर्मा समेत कई अन्य कांग्रेस पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को भी उनके घरों में ही रोक दिया गया। ये सभी नेता और कार्यकर्ता रविवार को लखनऊ जाकर एनएसयूआई के विधानसभा घेराव कार्यक्रम में शामिल होने वाले थे.
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि यह कार्रवाई छात्रों और युवाओं की आवाज को दबाने के उद्देश्य से की गई है. उनका आरोप है कि जिस समय प्रदेशभर से छात्र और युवा NEET परीक्षा में कथित गड़बड़ियों के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद करने की तैयारी कर रहे थे, उसी समय विपक्षी नेताओं को घरों में नजरबंद कर दिया गया.
यूथ कांग्रेस के जिला अध्यक्ष शुभम सिंह ने कहा कि पुलिस ने उन्हें हाउस अरेस्ट करने का कोई ठोस कारण नहीं बताया। उन्होंने इसे लोकतांत्रिक अधिकारों का हनन बताते हुए कहा कि शांतिपूर्ण विरोध प्रदर्शन में शामिल होने से रोकना सरकार की असहिष्णुता को दर्शाता है.
कांग्रेस नेता प्रांजल तिवारी ने भी इस कार्रवाई की निंदा करते हुए कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर आवाज उठाने वालों को निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी छात्रों और युवाओं के अधिकारों की लड़ाई लगातार लड़ती रहेगी.
कांग्रेस ने इस पूरी कार्रवाई को लोकतंत्र पर हमला करार देते हुए कहा है कि सरकार विपक्ष और छात्रों की आवाज से घबराई हुई है.
पार्टी नेताओं ने स्पष्ट किया कि हाउस अरेस्ट जैसी कार्रवाइयों से उनका मनोबल टूटने वाला नहीं है और वे NEET पेपर लीक समेत जनहित के मुद्दों पर संघर्ष जारी रखेंगे.
ADVERTISEMENT










