Amethi Health News: सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) अमेठी में पिछले करीब एक माह से डिजिटल एक्स-रे मशीन खराब पड़ी है, जिससे मरीजों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है. अस्पताल में एक्स-रे जांच की सुविधा बंद होने के कारण मरीजों को जिला अस्पताल गौरीगंज या निजी अस्पतालों का सहारा लेना पड़ रहा है. भीषण गर्मी के बीच मरीजों को अतिरिक्त खर्च और लंबी दूरी तय करने की मजबूरी झेलनी पड़ रही है.
ADVERTISEMENT
मामला क्या है?
जानकारी के अनुसार सीएचसी अमेठी में प्रतिदिन लगभग 30 से 50 मरीज एक्स-रे जांच के लिए पहुंचते हैं. इनमें दुर्घटना में घायल, हड्डी रोग से पीड़ित तथा सीने संबंधी बीमारियों के मरीज शामिल होते हैं. मशीन खराब होने के कारण मरीजों को या तो बिना जांच वापस लौटना पड़ रहा है या फिर निजी जांच केंद्रों पर अधिक धनराशि खर्च कर एक्स-रे कराना पड़ रहा है.
मरीजों को क्या परेशानी हो रही है?
मरीज राहुल कुमार, मोहित, नितिन सोनी, गीता, नीतू और पूनम ने बताया कि सरकारी अस्पताल में एक्स-रे सुविधा बंद होने से उन्हें काफी दिक्कत हो रही है. उनका कहना है कि डॉक्टर जांच कराने की सलाह देते हैं, लेकिन मशीन खराब होने के कारण उन्हें कई किलोमीटर दूर जिला अस्पताल गौरीगंज जाना पड़ता है. गर्मी के मौसम में बुजुर्गों, महिलाओं और गंभीर मरीजों के लिए यह समस्या और भी बढ़ जाती है.
स्थानीय लोगों का कहना है कि एक माह से अधिक समय बीत जाने के बावजूद मशीन की मरम्मत नहीं हो सकी है. इससे सरकारी स्वास्थ्य सेवाओं की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं. मरीजों का कहना है कि समय पर जांच न होने से इलाज में भी देरी हो रही है, जिससे परेशानी बढ़ रही है.
अस्पताल प्रशासन का क्या कहना है?
इस संबंध में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र अमेठी के प्रभारी डॉ. सौरभ सिंह ने बताया कि डिजिटल एक्स-रे मशीन में तकनीकी खराबी आ गई है. मशीन की मरम्मत के लिए संबंधित कंपनी और उच्चाधिकारियों को सूचना दे दी गई है. जल्द ही तकनीकी टीम द्वारा मशीन को ठीक कराया जाएगा, जिसके बाद एक्स-रे जांच की सुविधा फिर से शुरू हो जाएगी. उन्होंने कहा कि मरीजों को आवश्यकता पड़ने पर जिला अस्पताल गौरीगंज में जांच कराने की सलाह दी जा रही है.
ADVERTISEMENT










