Agra Husband Murder Case: आगरा के चर्चित पति हत्याकांड में हर दिन नए खुलासे हो रहे हैं. पुलिस जहां आरोपी पत्नी रूबी से पूछताछ कर मामले की तह तक पहुंचने की कोशिश कर रही है, वहीं अब पहली बार रूबी के भाई अजय शर्मा सामने आए हैं. उन्होंने अपनी बहन के बचपन, परिवार, शादी और उससे वर्षों से टूटे रिश्तों को लेकर कई अहम बातें बताईं. अजय ने साफ कहा कि उनकी बहन ने जो किया वह गलत है, लेकिन इस बात की भी जांच होनी चाहिए कि आखिर उसे इतना बड़ा कदम उठाने की नौबत क्यों आई.
ADVERTISEMENT
बचपन में पढ़ाई में तेज थी रूबी
अजय शर्मा ने बताया कि रूबी बचपन में पढ़ाई में काफी अच्छी थी और अच्छे अंकों से पास होती थी. हालांकि परिवार की परिस्थितियां पिता के निधन के बाद पूरी तरह बदल गईं. पिता की मौत के बाद बड़ी बहन मंजू शर्मा और ज्योति शर्मा रूबी को अपने साथ ले गईं और वहीं उसकी परवरिश हुई. बाद में परिवार ने मिलकर उसकी शादी तय की.
अजय के मुताबिक, वह चाहता था कि बहन की शादी गांव से पारंपरिक तरीके से हो, लेकिन परिवार ने शहर से शादी करने का फैसला लिया. इसी बात से नाराज होकर वह शादी में शामिल नहीं हुआ. उसके बाद से रूबी से उसका संपर्क लगभग पूरी तरह खत्म हो गया.
शादी के बाद टूट गया रिश्ता
अजय ने बताया कि शादी के बाद रूबी से उसकी बातचीत पूरी तरह बंद हो गई. वह न तो उसके घर गया और न ही उसका कोई आना-जाना रहा. करीब 15-16 वर्षों से दोनों के बीच कोई संपर्क नहीं था.
उन्होंने बताया कि एक बार उनकी पत्नी गंभीर रूप से झुलस गई थीं और अस्पताल में भर्ती थीं. उस समय उनकी मां ने रूबी को अस्पताल बुला लिया था, लेकिन अजय ने साफ कहा कि उन्होंने उसे नहीं बुलाया था. मुलाकात के दौरान भी दोनों के बीच कोई बातचीत नहीं हुई और रूबी वापस चली गई.
परिवार में चार बहनें और दो भाई
अजय ने बताया कि उनके परिवार में चार बहनें और दो भाई हैं. उनकी अन्य बहनों और भाइयों से बातचीत होती रहती है, लेकिन रूबी से वर्षों से कोई संपर्क नहीं था. उन्होंने कहा कि परिवार के दूसरे सदस्य कभी-कभी रूबी के बारे में जानकारी देते थे, लेकिन उन्होंने खुद कभी उससे बात नहीं की.
2017 में सिलेंडर चोरी के मामले में पति का नाम आया था
अजय शर्मा ने दावा किया कि वर्ष 2017 के आसपास उन्हें बड़े भाई विजय शर्मा से जानकारी मिली थी कि रूबी के पति को कथित रूप से सिलेंडर चोरी के एक मामले में पकड़ लिया गया था. बड़े भाई ने उनसे पूछा था कि क्या किया जाए, लेकिन उन्होंने साफ कह दिया था कि उनका इस मामले से कोई लेना-देना नहीं है.
बाद में बड़े भाई ने ही जाकर किसी तरह मामला संभाला और उन्हें छुड़वाया. अजय का कहना है कि इसके अलावा उन्हें रूबी या उसके पति के बारे में कोई विशेष जानकारी नहीं थी.
घरेलू विवादों की जानकारी नहीं थी
जब अजय से पूछा गया कि क्या उन्हें कभी पता चला कि रूबी के पति शराब पीते थे, मारपीट करते थे या काम नहीं करते थे, तो उन्होंने कहा कि उन्हें ऐसी किसी बात की जानकारी नहीं थी.
हालांकि उन्होंने एक घटना का जिक्र किया. उन्होंने बताया कि उनकी बेटी के जन्मदिन पर उनकी मां के बुलाने पर रूबी कई साल बाद आई थी. कार्यक्रम के दौरान किसी बात को लेकर रूबी के पति ने सार्वजनिक रूप से रूबी पर नाराजगी जताई और थप्पड़ मार दिया. इस घटना के बाद अजय ने साफ कह दिया कि भविष्य में वह उनके घर न आएं. इसके बाद दोनों परिवारों का संपर्क पूरी तरह समाप्त हो गया.
सोशल मीडिया से पता चली वारदात
अजय ने बताया कि उन्हें इस पूरे हत्याकांड की जानकारी सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो देखने के बाद मिली. शुरुआत में उन्हें विश्वास ही नहीं हुआ कि वीडियो में दिख रही महिला उनकी बहन रूबी है, क्योंकि वर्षों बाद उसका चेहरा काफी बदल चुका था. उन्होंने कहा कि वह कभी उस कॉलोनी में नहीं गए जहां रूबी रहती थी, इसलिए वहां के लोग भी उन्हें नहीं जानते.
'जो किया गलत किया, लेकिन वजह भी सामने आनी चाहिए'
रूबी के भाई ने साफ कहा कि हत्या जैसी घटना किसी भी स्थिति में सही नहीं ठहराई जा सकती. उन्होंने कहा कि उनकी बहन ने जो किया, वह पूरी तरह गलत है, लेकिन इसके पीछे क्या कारण थे, इसकी भी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि उन्हें इस बात की कोई जानकारी नहीं है कि पति-पत्नी के बीच आखिर क्या परिस्थितियां थीं और किस वजह से मामला यहां तक पहुंच गया.
पुलिस हर पहलू से कर रही जांच
इस बीच पुलिस पहले ही रूबी को गिरफ्तार कर चुकी है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पूछताछ में पति सुरेंद्र कुमार शर्मा की हत्या कर शव को बाथरूम के फर्श के नीचे दफनाने की बात स्वीकार की है. मामले में पोस्टमार्टम रिपोर्ट, फॉरेंसिक जांच, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों की जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि अंतिम निष्कर्ष सभी सबूतों, फॉरेंसिक रिपोर्ट और अदालत में पेश होने वाले साक्ष्यों के आधार पर ही सामने आएगा. फिलहाल इस सनसनीखेज हत्याकांड की जांच हर एंगल से जारी है.
ADVERTISEMENT










