क्या राम मंदिर ट्रस्ट में होने जा रहा बड़ा बदलाव? चढ़ावा चोरी मामले के बीच अहम बैठक ने बढ़ाई हलचल

यूपी तक

• 08:47 AM • 07 Jul 2026

Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी मामले को लेकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की अहम बैठक हुई. ट्रस्ट अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भरोसा जताया.

Google CTA

Ram Mandir Donation Theft Case: अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में चढ़ावा चोरी के मामले को लेकर राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की. बैठक में ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास ने इस पूरे मामले पर गहरी चिंता जताते हुए कहा कि करोड़ों रामभक्तों की आस्था से जुड़े इस विषय में दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए. उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर पूरा भरोसा जताते हुए कहा कि दोनों के नेतृत्व में निष्पक्ष जांच होगी और दोषियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाया जाएगा. उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस संवेदनशील मामले को राजनीति से दूर रखा जाना चाहिए. बैठक में ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय समेत अन्य सदस्य भी मौजूद रहे और ट्रस्ट की कार्यप्रणाली व भविष्य की व्यवस्था पर विस्तार से चर्चा की गई.

यह भी देखें...

बैठक के दौरान यह भी सामने आया कि स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद महंत नृत्य गोपाल दास ने स्वयं बैठक की अध्यक्षता की और सभी अहम मुद्दों पर विचार-विमर्श किया. वहीं, चंपत राय ने अपने पद से इस्तीफा दे दिया है और चर्चा है कि उन्हें ट्रस्ट की आजीवन सदस्यता से भी हटाया जा सकता है. बैठक के बाद ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष गोविंददेव गिरी ने कहा कि पूरे घटनाक्रम और बैठक में लिए गए निर्णयों की विस्तृत जानकारी प्रेस कॉन्फ्रेंस के माध्यम से साझा की जाएगी.

इस मामले में उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा गठित विशेष जांच दल (SIT) की जांच के बाद आठ कर्मचारियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था. इसी जांच के बाद चंपत राय ने इस्तीफा दिया, हालांकि उनके खिलाफ कोई नया मामला दर्ज नहीं किया गया है. माना जा रहा है कि ट्रस्ट की आगामी बैठक में संगठनात्मक ढांचे में बदलाव, जिम्मेदारियों के पुनर्वितरण और आगे की कार्रवाई पर अहम फैसले लिए जा सकते हैं. चूंकि यह मामला करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था और विश्वास से जुड़ा है, इसलिए पूरे देश की नजर जांच और ट्रस्ट के आगामी निर्णयों पर बनी हुई है. महंत नृत्य गोपाल दास ने दोहराया कि दोषियों को हर हाल में सजा दिलाई जाएगी और मंदिर की पारदर्शिता तथा श्रद्धालुओं के विश्वास को बनाए रखने के लिए हर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे.