Agra Shab-e-Barat Procession Traffic Diversion: आगरा में शब-ए-बारात के अवसर पर होने वाले जुलूस और बड़ी संख्या में लोगों की आवाजाही को देखते हुए ट्रैफिक पुलिस ने शहर में विशेष ट्रैफिक डायवर्जन योजना लागू की है. यह व्यवस्था 3 फरवरी की शाम 4 बजे से लागू होगी और जुलूस की समाप्ति यानी 4 फरवरी तक प्रभावी रहेगी. बता दें कि इस योजना के तहत ताजमहल की तरफ जाने वाले मार्गों से भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. ट्रैफिक पुलिस ने कहा है कि यह कदम जुलूस और जायरीनों की सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है.
ADVERTISEMENT
शहर में भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद
ट्रैफिक पुलिस ने स्पष्ट किया है कि 3 फरवरी की शाम 4 बजे से आगरा नगर निगम क्षेत्र में किसी भी प्रकार के भारी वाहन का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा. यह प्रतिबंध जुलूस के समाप्त होने तक, 4 फरवरी सुबह तक लागू रहेगा. इस अवधि में शहर के सभी प्रमुख प्रवेश मार्गों पर कड़ी निगरानी रखी जाएगी ताकि कोई भी भारी वाहन संवेदनशील क्षेत्रों में प्रवेश न कर सके.
जुलूस मार्ग और संवेदनशील क्षेत्रों में वाहन प्रतिबंध
बता दें कि जुलूस मार्ग और संवेदनशील इलाकों में दोपहिया, तिपहिया और चारपहिया वाहनों की आवाजाही पर पूरी रोक रहेगी. सेंट जोंस चौराहा से कलेक्ट्रेट तिराहा, पंचकुइयां से सुभाष पार्क तिराहा और नालबंद से पंचकुइयां चौराहा तक केवल पैदल आवागमन की अनुमति होगी. इसके अलावा, एनएच-19 पर भी वाहनों की गति बेहद धीमी रहेगी और भीड़ की स्थिति में वाहनों को पूरी तरह रोक दिया जाएगा. अबुल्ला दरगाह और जुलूस मार्ग पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात रहेंगे.
प्रमुख चौराहों पर भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित
आगरा शहर में रोहता नहर चौराहा, मलपुरा नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा, रामबाग चौराहा, वाटर वर्क्स, सुल्तानगंज पुलिया, खंदारी चौराहा, भगवान टॉकीज चौराहा, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा तिराहा, बोदला चौराहा, एतमादौला तिराहा, तोरा चौकी और एकता थाना क्षेत्र जैसे प्रमुख स्थानों से भारी वाहनों की एंट्री पूरी तरह बंद रहेगी. इन सभी स्थानों पर ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय पुलिस बल तैनात रहेंगे.
बाहरी ट्रैफिक के लिए वैकल्पिक मार्ग
ट्रैफिक पुलिस ने बाहरी वाहनों के लिए वैकल्पिक मार्ग निर्धारित किए हैं. दिल्ली और मथुरा की ओर से आने वाले वाहन एनएच-19 से फिरोजाबाद और कानपुर की ओर डायवर्ट किए जाएंगे. इसी तरह, कानपुर और फिरोजाबाद से मथुरा जाने वाले वाहनों को भी एनएच-19 मार्ग से गुजरना होगा. ग्वालियर और जयपुर जाने वाले वाहन फिरोजाबाद से रुनकता होते हुए दक्षिणी बाइपास से निकलेंगे.
अलीगढ़ की ओर जाने वाले वाहनों को खंदारी से मुड़ी चौराहा होकर एत्मादपुर के रास्ते एनएच-19 पर भेजा जाएगा. मुड़ी चौराहा से टेढ़ी बगिया और रामबाग की ओर जाने वाले भारी वाहन भी इसी वैकल्पिक मार्ग से गुजरेंगे. वहीं, फतेहाबाद रोड और शमशाबाद रोड से आने वाले भारी वाहन जवाहर पुल और आगरा इनर रिंग रोड के जरिए डायवर्ट किए जाएंगे .
नो-एंट्री सख्ती से लागू
इस दौरान आगरा शहर में नो-एंट्री नियम पूरी तरह सख्ती से लागू किया जाएगा. 3 फरवरी रात 11 बजे खुलने वाली नो-एंट्री को भी इस अवधि में नहीं खोला जाएगा. पहले से जारी किए गए एंट्री पास और अनुमति पत्र इस अवधि के लिए निरस्त रहेंगे.
पुलिस की अपील
ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे डायवर्जन प्लान का पालन करें, अनावश्यक रूप से शहर में भारी वाहन लेकर प्रवेश न करें और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें. इससे शब-ए-बारात का त्योहार सुरक्षित और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सकेगा.
यह भी पढ़ें: ग्रामीण डाक सेवकों के 28000+ पदों पर निकली भर्ती! बढियां मिलेगी सैलरी, जानें अप्लाई करने की फुल प्रोसेस
ADVERTISEMENT









