Mahoba Jal Jeevan Mission: महोबा जिले में जल जीवन मिशन के कार्यों को लेकर जलशक्ति मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और चरखारी से भाजपा विधायक बृजभूषण राजपूत के बीच हुए विवाद का मामला इन दिनों सुर्खियों में है. योगी सरकार के खास मंत्री से पार्टी के ही विधायक की इस भिड़ंत ने सबको सकते में डाल दिया था. इसके बाद यूपी Tak की टीम ने ग्राउंड जीरो पर जाकर हकीकत टटोली. रिपोर्ट में सामने आया है कि सरकारी आंकड़ों और जमीनी सच्चाई में काफी बड़ा अंतर है.
ADVERTISEMENT
यूपी Tak की इस खास ग्राउंड रिपोर्ट को यहां नीचे देखा जा सकता है.
आपको बता दें कि पिछले दिनों चरखारी विधायक बृजभूषण राजपूत ने मंत्री स्वतंत्र देव सिंह के काफिले को रोककर भ्रष्टाचार और बदहाली का मुद्दा उठाया था. विधायक का आरोप था कि अधिकारी कागजों पर काम पूरा दिखा रहे हैं, लेकिन हकीकत में जनता परेशान है. यूपी Tak की टीम ने चरखारी विधानसभा के कुसर्मा, साबुआ, बलया, बगरौन, फतेहपुर और इमलिया डांग जैसे दर्जनों गांवों का दौरा किया. हमें यहां की स्थिति बेहद खराब मिली.
पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई पक्की सड़कों की सही से मरम्मत नहीं की गई. गड्ढों में सिर्फ मिट्टी भर दी गई है, जो बारिश के बाद दलदल और कीचड़ में तब्दील हो चुकी है. गांवों की गलियों में इतना कीचड़ है कि लोग आए दिन फिसलकर गिर रहे हैं और चोटिल हो रहे हैं. मोटरसाइकिल सवारों का निकलना दूभर हो गया है. कई गांवों में 3 साल पहले पाइपलाइन डाली गई थी, लेकिन अभी तक पानी नहीं पहुंचा है. कुछ मोहल्लों में तो अभी तक पाइप ही नहीं बिछाए गए हैं.
ग्रामीणों और प्रधानों के आरोप
ग्रामीणों का आरोप है कि बड़े ठेकेदार काम लेकर छोटे ठेकेदारों को दे देते हैं, जो केवल खानापूर्ति (औपचारिकता) कर रहे हैं. वे घटिया सामग्री का उपयोग कर रहे हैं. ग्राम प्रधानों का कहना है कि बार-बार शिकायत के बावजूद कोई सुनवाई नहीं हो रही है. अधिकारियों ने 'नमामि गंगे' योजना के नाम पर बनी-बनाई सड़कों को बर्बाद कर दिया है.
जमीनी हकीकत खोल रही पोल
महोबा जिलाधिकारी गजल भारद्वाज के अनुसार, 344 गांवों में से 325 किलोमीटर पाइपलाइन का काम पूरा हो चुका है और क्षतिग्रस्त 1131 किलोमीटर सड़कों में से 1118 किलोमीटर की मरम्मत कर दी गई है. हालांकि, ग्रामीणों ने इन आंकड़ों को सिरे से खारिज करते हुए मंत्री जी को खुद आकर गांव की स्थिति देखने की चुनौती दी है.
यह भी पढ़ें: ग्रामीण डाक सेवकों के 28000+ पदों पर निकली भर्ती! बढियां मिलेगी सैलरी, जानें अप्लाई करने की फुल प्रोसेस
ADVERTISEMENT









