UPSC CSE Result 2025: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) ने सिविल सेवा परीक्षा 2025 का फाइनल रिजल्ट घोषित कर दिया है. इस बार अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल कर परीक्षा में टॉप किया है. वहीं उत्तर प्रदेश के शामली की आस्था जैन ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 9वीं रैंक हासिल की है. आस्था जैन का यह परिणाम इसलिए भी खास माना जा रहा है क्योकि साल 2024 की परीक्षा में उनकी रैंक 186 थी, जबकि इस बार उन्होंने जबरदस्त सुधार करते हुए सीधे टॉप-10 में जगह बना ली. महज 23 साल की उम्र में इतनी बड़ी सफलता हासिल करना उनके लिए बड़ी उपलब्धि मानी जा रही है. बता दें कि इस साल आयोग ने कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया है.
ADVERTISEMENT
अनुज अग्निहोत्री ने किया टॉप
UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2025 में अनुज अग्निहोत्री ने पहला स्थान हासिल किया है. दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर अकांश धुल रहे. वहीं चौथे स्थान पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें स्थान पर ईशान भटनागर ने जगह बनाई है. आयोग द्वारा जारी सूची में देशभर के प्रतिभाशाली अभ्यर्थियों के नाम शामिल हैं जिन्होंने कठिन चयन प्रक्रिया को पार कर यह उपलब्धि हासिल की है.
शामली की आस्था जैन ने किया कमाल
उत्तर प्रदेश के शामली की आस्था जैन ने इस बार सिविल सेवा परीक्षा में 9वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का नाम रोशन किया है. उनका यह परिणाम इसलिए भी चर्चा में है क्योंकि पिछले साल यानी 2024 की परीक्षा में उनकी रैंक 186 थी. महज एक साल में इतनी बड़ी छलांग लगाते हुए टॉप-10 में जगह बनाना उनकी कड़ी मेहनत और मजबूत तैयारी को दर्शाता है. जानकारी के अनुसार 2024 में जब उन्होंने परीक्षा दी थी तब उनकी उम्र करीब 22 साल थी, जबकि 2025 के एग्जाम के समय वह लगभग 23 वर्ष की थीं.
कुल 958 उम्मीदवारों का हुआ चयन
UPSC द्वारा जारी परिणाम के अनुसार इस बार कुल 958 उम्मीदवारों को विभिन्न केंद्रीय सेवाओं में नियुक्ति के लिए अनुशंसित किया गया है. इनमें 317 उम्मीदवार सामान्य वर्ग, 104 ईडब्ल्यूएस वर्ग, 306 ओबीसी वर्ग, 158 एससी वर्ग और 73 एसटी वर्ग से हैं. हालांकि आयोग ने यह भी बताया है कि 348 उम्मीदवारों की उम्मीदवारी फिलहाल प्रोविजनल रखी गई है.
तीन चरणों में होती है परीक्षा
सिविल सेवा परीक्षा देश की सबसे प्रतिष्ठित प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक मानी जाती है. इसका आयोजन हर साल तीन चरणों में किया जाता है. पहले चरण में प्रारंभिक परीक्षा होती है, इसके बाद मुख्य परीक्षा आयोजित की जाती है और अंत में इंटरव्यू यानी पर्सनैलिटी टेस्ट लिया जाता है. इन तीनों चरणों में सफल होने वाले उम्मीदवारों का चयन भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS), भारतीय विदेश सेवा (IFS) और भारतीय पुलिस सेवा (IPS) समेत कई अन्य केंद्रीय सेवाओं के लिए किया जाता है.
अगस्त 2025 में हुई थी मुख्य परीक्षा
UPSC के अनुसार सिविल सेवा परीक्षा 2025 की मुख्य परीक्षा 22 अगस्त से 31 अगस्त 2025 के बीच आयोजित की गई थी. इसके बाद इंटरव्यू की प्रक्रिया शुरू हुई, जो 26 फरवरी 2026 को पूरी हुई. केंद्र सरकार ने इस परीक्षा के माध्यम से कुल 1087 रिक्त पदों को भरने की जानकारी आयोग को दी थी.
ऐसे चेक कर सकते हैं रिजल्ट
जो उम्मीदवार इंटरव्यू राउंड तक पहुंचे थे, वे UPSC की आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर जाकर अपना रिजल्ट देख सकते हैं. आयोग ने टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है जिसमें उम्मीदवार पीडीएफ में अपना नाम और रोल नंबर चेक कर सकते हैं.
15 दिन बाद वेबसाइट पर उपलब्ध होंगे अंक
UPSC ने बताया है कि उम्मीदवारों के अंक रिजल्ट घोषित होने के 15 दिनों के भीतर आयोग की आधिकारिक वेबसाइट पर उपलब्ध करा दिए जाएंगे. इसके अलावा आयोग ने अपने परिसर में परीक्षा हॉल के पास एक फैसिलिटेशन काउंटर भी स्थापित किया है, जहां उम्मीदवार कार्यदिवसों में सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे के बीच जाकर या फिर 23385271, 23381125 और 23098543 नंबरों पर फोन कर परीक्षा या भर्ती से जुड़ी जानकारी प्राप्त कर सकते हैं.
यह भी पढ़ें: शादीशुदा महिला नेता आंचल मिश्रा को कंकाल किसने बना दिया! इनके प्रेमी के कांड ने सबको चौंकाया
ADVERTISEMENT









