UPSC Rank 58 Mohit Gupta: संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) 2025 के नतीजों में 58वीं रैंक हासिल करने वाले मोहित गुप्ता का नाम चर्चा में है. मोहित ना केवल अपनी सफलता के लिए बल्कि अपनी जड़ों से जुड़ाव के लिए भी चर्चा का विषय बने हुए हैं. उनके हालिया मॉक इंटरव्यू में एक वीडियो वायरल हो रहा है जिसमें इंटरव्यू पैनल के सदस्य के सदस्य उनकी ईमेल ID में 'बृजधाम' लिखे होने के पीछे की वजह पूछ रहे हैं. इस सवाल का जवाब मोहित ने इतने सधे अंदाज मे दिया की हर कोई उनसे इंप्रेस नजर आया.
ADVERTISEMENT
ईमेल ID में 'बृजधाम' और इंटरव्यूअर्स की हैरानी
शुभ्रा रंजन आईएएस स्टडी द्वारा जारी मॉक इंटरव्यू वीडियो के दौरान पैनल के सदस्य ने मोहित की ईमेल आईडी में लिखे शब्द 'बृजधाम' को लेकर सवाल पूछा. उन्होंने इसे एक 'Peculiar' (अजीब) ईमेल एड्रेस बताया. इस पर मोहित ने बड़ी ही विनम्रता से जवाब देते हुए बताया कि 'बृजधाम' का उनकी वर्तमान पहचान से गहरा संबंध है. उन्होंने कहा 'मेरे दादाजी और पूर्वज वास्तव में हाथरस और मथुरा (बृज क्षेत्र) से ताल्लुक रखते थे. जब मैं पांचवीं कक्षा में था तब मेरे पिता ने मेरी ईमेल आईडी बनाई थी और उन्होंने हमारी जड़ों को याद रखने के लिए उसमें बृजधाम शब्द जोड़ा था.'
IPS की ट्रेनिंग छोड़ IAS बनने की जिद
मोहित गुप्ता पहले से ही भारतीय पुलिस सेवा (IPS) के लिए चुने जा चुके थे और हैदराबाद स्थित पुलिस एकेडमी में ट्रेनिंग ले रहे थे. इसके बावजूद उन्होंने हार नहीं मानी और अपनी रैंक सुधारने के लिए दोबारा परीक्षा दी. उन्होंने बताया कि ट्रेनिंग के दौरान मिलने वाले कम समय के बावजूद उन्होंने खुद को परीक्षा के लिए तैयार रखा. उनका लक्ष्य भारतीय प्रशासनिक सेवा (IAS) में जाकर देश के भीतर रहकर जमीनी स्तर पर काम करना था. मोहित गुप्ता मूल रूप से राजस्थान के रहने वाले हैं. उन्हें सामाजिक मुद्दों पर आधारित सोशल मीडिया कंटेंट देखना पसंद है. मॉक इंटरव्यू के दौरान उन्होंने पुलिस सुधार, साइबर अपराध और पूर्वोत्तर भारत की समस्याओं पर बहुत ही सटीक और प्रशासनिक राय रखी.
UPSC 2025 रिजल्ट
मोहित गुप्ता की इस सफलता के बीच इस साल के यूपीएससी रिजल्ट में कई और बड़े नाम भी सामने आए हैं. इस साल अनुज अग्निहोत्री ने ऑल इंडिया रैंक 1 हासिल की है. दूसरे स्थान पर राजेश्वरी सुवे एम और तीसरे स्थान पर अकांश धुल रहे. चौथे पर राघव झुनझुनवाला और पांचवें पर ईशान भटनागर ने जगह बनाई. शामली की आस्था जैन ने 9वीं रैंक हासिल कर प्रदेश का मान बढ़ाया है.
चयन प्रक्रिया की डिटेल
आयोग ने इस साल कुल 958 उम्मीदवारों के चयन की सिफारिश की है जो 1087 रिक्त पदों के सापेक्ष है. मुख्य परीक्षा अगस्त 2025 में हुई थी जबकि इंटरव्यू की प्रक्रिया 26 फरवरी 2026 को पूरी हुई. मोहित गुप्ता जैसे युवा यह साबित करते हैं कि अगर इरादे मजबूत हों और अपनी जड़ों पर गर्व हो तो सफलता की किसी भी ऊंचाई को छुआ जा सकता है. उनके अंक और मार्कशीट अगले 15 दिनों में आधिकारिक वेबसाइट upsc.gov.in पर उपलब्ध होंगे.
ADVERTISEMENT









