Armaan Mittal Noida Topper: केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (CBSE) के 10वीं के रिजल्ट में नोएडा के अरमान मित्तल ने अपनी प्रतिभा का परचम लहराया है. अरमान ने 500 में से 498 अंक हासिल किया है. अरमान ने 99.6% प्रतिशत हासिल करके हर किसी को हैरान कर दिया है. अरमान एमिटी स्कूल के छात्र हैं. उन्होंने बिना किसी कोचिंग के सिर्फ सेल्फ स्टडी की बदौलत ये स्कोर हासिल किया है. रिजल्ट जारी होने के बाद अरमान और उनके परिवार में खुशी का ठिकाना नहीं है.
ADVERTISEMENT
'यकीन नहीं हुआ कि रिजल्ट आ गया'
अपनी सफलता पर बात करते हुए अरमान ने बताया कि रिजल्ट इतनी जल्दी आने की उन्हें उम्मीद नहीं थी. अरमान ने कहा कि 'ऐसा लग रहा था जैसे मैं अभी सपने में हूं. कल ही तो फ्रेंच का एग्जाम देकर आया था और आज रिजल्ट आ गया. मुझे लगा था कि परिणाम 20 अप्रैल के आसपास आएंगे. लेकिन जैसे ही क्लास ग्रुप पर मैसेज आया मैं सरप्राइज रह गया.' अरमान का रिजल्ट सबसे पहले उनकी मां ने देखा और उनकी खुशी का कोई ठिकाना नहीं रहा.
बिना कोचिंग, स्कूल के भरोसे की तैयारी
अरमान की सफलता की सबसे खास बात यह रही कि उन्होंने किसी भी तरह की बाहरी कोचिंग या ट्यूशन का सहारा नहीं लिया. अरमान ने बताया 'मैंने सिर्फ स्कूल के असाइनमेंट और रिसोर्स पर ध्यान दिया. स्कूल का सपोर्ट इतना ज्यादा था कि मुझे कहीं और देखने की जरूरत ही नहीं पड़ी.' अपनी पढ़ाई के शेड्यूल पर चर्चा करते हुए उन्होंने बताया कि दिसंबर तक वह 6-7 घंटे पढ़ते थे. लेकिन जनवरी से उन्होंने इसे बढ़ाकर 10 घंटे कर दिया था.
'मैथ का पेपर था ठफ'
इस साल मैथ के पेपर को लेकर कई छात्रों ने इसे कठिन बताया था. लेकिन अरमान के लिए यह सामान्य था. उन्होंने कहा 'स्कूल में हमें पहले ही उस लेवल की तैयारी करा दी गई थी. इसलिए मुझे पेपर देखकर कोई हैरानी नहीं हुई. बस दिमाग को शांत रखकर सवालों को ध्यान से पढ़ना था.'
माता-पिता के सपोर्ट से मिली सफलता
अपनी जीत का श्रेय अरमान ने अपने माता-पिता के अलग-अलग स्टाइल के सपोर्ट को दिया. उन्होंने मुस्कुराते हुए कहा 'मम्मी कहती थीं कि अच्छे से पढ़ लो तो अच्छा होगा. वहीं पापा कहते थे कि अगर नहीं भी हुआ तो कोई बात नहीं, सब निकल जाएगा. एक प्रेशर दे रहा था और एक चिल करा रहा था, जिससे बैलेंस बना रहा.'
ADVERTISEMENT









