बुलंदशहर कचहरी में ‘नोटों की बारिश’ से मची अफरा-तफरी, बंदर ने बैग से 2 लाख रुपये निकालकर हवा में उड़ाए, लेकिन उसके बाद जो हुआ देख सब हुए हैरान

मुकुल शर्मा

31 May 2026 (अपडेटेड: 20 Jul 2026, 11:57 AM)

Monkey Throws Currency News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शनिवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को कुछ देर के लिए हैरान कर दिया. कचहरी परिसर के पास अचानक हवा में 500-500 रुपये के नोट उड़ते दिखाई दिए, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई.

Bulandshahr Monkey Viral Video News

Bulandshahr Monkey Viral Video News

Google CTA

Bulandshahr Monkey Viral Video News: उत्तर प्रदेश के बुलंदशहर में शनिवार को एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने लोगों को कुछ देर के लिए हैरान कर दिया. कचहरी परिसर के पास अचानक हवा में 500-500 रुपये के नोट उड़ते दिखाई दिए, जिसके बाद मौके पर मौजूद लोगों में हलचल मच गई. कोई नोट पकड़ने के लिए दौड़ पड़ा तो कोई अपने मोबाइल से वीडियो बनाने लगा. इस पूरी घटना का 53 सेकेंड का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. हालांकि बाद में पता चला कि नोटों की इस ‘बारिश’ के पीछे किसी इंसान का नहीं बल्कि एक बंदर का हाथ था.

यह भी पढ़ें...

बैनामे के लिए लाया था दो लाख रुपये नकद

जानकारी के अनुसार एक युवक जमीन के बैनामे से जुड़े काम के लिए बुलंदशहर कचहरी परिसर पहुंचा था. उसके पास करीब दो लाख रुपये नकद थे, जिन्हें उसने एक बैग में रखा हुआ था. बताया जाता है कि युवक किसी काम से अधिवक्ता के चेंबर से निकलकर स्टांप वेंडर की ओर जा रहा था. इसी दौरान एक बंदर की नजर उसके बैग पर पड़ गई. बंदर ने झटके से बैग छीना और पास में मौजूद एक ऊंचे पेड़ पर चढ़ गया. अचानक हुई इस घटना से युवक घबरा गया और आसपास मौजूद लोग भी हैरान रह गए.

पेड़ से बंदर ने उड़ाने शुरू किए नोट

पेड़ की ऊंची शाखा पर बैठने के बाद बंदर ने बैग खोल लिया. उसे शायद उम्मीद थी कि बैग में खाने-पीने की कोई चीज होगी, लेकिन अंदर नोटों की गड्डियां देखकर उसने एक-एक नोट निकालकर नीचे फेंकना शुरू कर दिया. देखते ही देखते 500 रुपये के नोट हवा में उड़ने लगे. कुछ नोट पेड़ के नीचे गिरे तो कुछ दूर तक बिखर गए. यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों की भीड़ जुटने लगी. कई लोग नोट समेटने में लग गए, जबकि कुछ लोग इस अनोखी घटना का वीडियो बनाने लगे.

लोगों की ईमानदारी से वापस मिला पैसा

घटना के दौरान युवक को कुछ समय के लिए लगा कि उसकी मेहनत की कमाई हाथ से निकल जाएगी. लेकिन राहत की बात यह रही कि आसपास मौजूद लोगों ने ईमानदारी दिखाते हुए बिखरे हुए नोटों को इकट्ठा करने में मदद की. बताया जा रहा है कि कुल दो लाख रुपये में से लगभग एक लाख 98 हजार रुपये वापस मिल गए. इस तरह युवक का बड़ा आर्थिक नुकसान होने से बच गया. स्थानीय लोगों की इस पहल की भी काफी सराहना की जा रही है.

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल

इस घटना का वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो देखने वाले लोग मजेदार प्रतिक्रियाएं दे रहे हैं. कोई इसे ‘बंदर की कैश स्कीम’ बता रहा है तो कोई मजाक में कह रहा है कि बंदर ने लोगों पर पैसों की बरसात कर दी. हालांकि कुछ मिनटों की यह घटना युवक के लिए तनावपूर्ण रही, लेकिन सोशल मीडिया पर यह मामला चर्चा और मनोरंजन का विषय बन गया है.