Chirag Tyagi Murder: कभी किसी ने सोचा भी नहीं था कि जो बेटा देश का नाम रोशन करने के सपने देख रहा है, उसकी जिंदगी इतनी जल्दी थम जाएगी. जिस शख्स में मेडल उठाने की ताकत थी, आज वही हमेशा के लिए शांत हो गया है. गाजियाबाद के होनहार पैरा एथलीट चिराग त्यागी अब इस दुनिया में नहीं रहे और उनकी मौत ने पूरे इलाके को हिला कर रख दिया है. कुछ ही दिन पहले उन्होंने राष्ट्रीय स्तर पर गोल्ड मेडल जीतकर परिवार को गर्व का पल दिया था और इसी सफलता के साथ उन्होंने जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए क्वालीफाई भी किया था. लेकिन यह खुशी और सफलता का सफर अचानक एक दर्दनाक अंत में बदल गया जिससे हर कोई सदमे में है.
ADVERTISEMENT
राष्ट्रीय जीत के बाद अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचा सपना
मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली गांव के रहने वाले चिराग त्यागी देश के उभरते हुए पैरा एथलीटों में शामिल थे. उन्होंने हाल ही में बेंगलुरु में आयोजित राष्ट्रीय पैरा एथलेटिक्स प्रतियोगिता में 400 मीटर दौड़ में गोल्ड मैडल जीतकर शानदार प्रदर्शन किया था. इसी प्रदर्शन के आधार पर उन्होंने अक्टूबर में जापान में होने वाले पैरा एशियन गेम्स के लिए अपना स्थान पक्का कर लिया था. उनकी इस उपलब्धि से परिवार और पूरे गांव में खुशी का माहौल था लेकिन किसी को नहीं पता था कि यह खुशी कुछ ही दिनों में मातम में बदल जाएगी.
घर से निकले फिर नहीं लौटे वापस
उनके परिवार वालों के अनुसार चिराग शनिवार सुबह घर से यह कहकर निकले थे कि वह हॉस्टल जा रहे हैं. इसके बाद उनसे संपर्क पूरी तरह टूट गया. परिवार लगातार उनकी तलाश में लगा हुआ था तभी पुलिस को साईं उपवन क्षेत्र में एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली. मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच के बाद शव की पहचान चिराग त्यागी के रूप में की. जैसे ही यह खबर परिवार तक पहुंची, घर में कोहराम मच गया और पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई.
मृतक के कजिन आशीष त्यागी ने बताया कि चिराग का किसी से कोई विवाद नहीं था और वह पूरी तरह अपने खेल पर ध्यान दे रहे थे . ऐसे में उनकी अचानक हुई मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. परिवार ने आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी और सख्त से सख्त कार्रवाई की मांग की है.
पुलिस को सीसीटीवी से मिला सुराग
पुलिस उपायुक्त नगर/ट्रांस हिंडन धवल जायसवाल ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई. शुरुआती जांच में मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है. पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली, जिसके आधार पर एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लिया गया है और उससे पूछताछ की जा रही है.
साथी खिलाड़ी पर ही हत्या का आरोप
पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है. हिरासत में लिया गया आरोपी यश खटिक भी पैरा एथलीट है और वह पहले चिराग त्यागी के साथ प्रैक्टिस कर चुका था. दोनो ब्लाइंड कैटेगरी के अन्तर्गत एथलेटिक्स मे प्रतिभाग किया करते थे. जानकारी के अनुसार, डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन को लेकर चिराग द्वारा की गई शिकायत के बाद यश का क्वालिफिकेशन कैंसिल कर दिया गया था. इसी बात से नाराज होकर उसने बदले की भावना में पिस्टल से गोली मारकर चिराग की हत्या कर दी. पुलिस ने बताया कि आरोपी की निशानदेही पर हथियार बरामद करने के प्रयास किए जा रहे हैं और मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच चल रही है.
पुलिस ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है और सभी पहलुओं पर गहन जांच की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के वास्तविक कारण और तरीके की पुष्टि हो सकेगी, जिसके बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
ADVERTISEMENT









