UP Rojgar Sangam Portal: उत्तर प्रदेश में युवाओं को रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए योगी सरकार डिजिटल माध्यमों का लगातार विस्तार कर रही है. इसी कड़ी में सरकार का रोजगार संगम पोर्टल (सेवा योजन पोर्टल) युवाओं के लिए एक अहम प्लेटफॉर्म बनकर सामने आया है. इस पोर्टल के जरिए 10वीं पास, इंटरमीडिएट, ग्रेजुएट, तकनीकी डिग्रीधारक और अन्य योग्य उम्मीदवार सरकारी आउटसोर्सिंग और निजी क्षेत्र की नौकरियों की जानकारी एक ही जगह पर पा सकते हैं. इसके साथ ही रोजगार मेलों में भाग लेने और कंपनियों तक अपनी प्रोफाइल पहुंचाने की सुविधा भी मिलती है.
ADVERTISEMENT
क्या है रोजगार संगम (सेवा योजन) पोर्टल?
उत्तर प्रदेश के श्रम एवं सेवायोजन विभाग की ओर से संचालित इस पोर्टल का उद्देश्य प्रदेश के बेरोजगार युवाओं को रोजगार के अवसरों से जोड़ना है. यह एक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जहां नौकरी तलाशने वाले उम्मीदवार और भर्ती करने वाली कंपनियां एक साथ जुड़ सकती हैं.
पोर्टल पर मिलती हैं सरकारी और प्राइवेट दोनों तरह की नौकरियां
रोजगार संगम पोर्टल पर सरकारी विभागों की आउटसोर्सिंग से जुड़ी नौकरियों के साथ-साथ निजी कंपनियों की वैकेंसी भी उपलब्ध रहती हैं. इसके अलावा प्रदेश में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों (जॉब फेयर) की जानकारी भी इसी पोर्टल पर दी जाती है. उम्मीदवार अपनी प्रोफाइल के आधार पर इन मेलों के लिए आवेदन कर सकते हैं.
पोर्टल की एक और खास बात यह है कि कंपनियां उम्मीदवारों की प्रोफाइल देखकर उन्हें शॉर्टलिस्ट भी कर सकती हैं. यह पूरी सेवा सरकार की ओर से निशुल्क उपलब्ध कराई जाती है.
ऐसे करें ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन
रोजगार संगम पोर्टल पर रजिस्ट्रेशन की प्रक्रिया पूरी तरह ऑनलाइन है और इसे मोबाइल फोन से भी किया जा सकता है.
रजिस्ट्रेशन के लिए सबसे पहले sewayojan.nic.in की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं. इसके बाद होम पेज पर दिए गए Sign Up या New Account विकल्प पर क्लिक करें. अपनी कैटेगरी में Job Seeker का चयन करें. फिर नाम, मोबाइल नंबर और ईमेल आईडी दर्ज कर सुरक्षित पासवर्ड बनाएं और जानकारी सबमिट कर दें.
इसके बाद प्रोफाइल पेज पर अपनी शैक्षणिक योग्यता, कार्य अनुभव और स्किल्स से जुड़ी जानकारी भरनी होगी. इससे आपकी प्रोफाइल तैयार हो जाएगी, जिसे कंपनियां देख सकेंगी.
रोजगार मेलों में भी मिलेगा मौका
रोजगार संगम पोर्टल के जरिए उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों में आयोजित होने वाले रोजगार मेलों की जानकारी भी प्राप्त की जा सकती है. उम्मीदवार अपने जिले में आयोजित जॉब फेयर की तारीख देख सकते हैं, ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं और इंटरव्यू में शामिल हो सकते हैं. इन मेलों में विभिन्न निजी कंपनियां भाग लेती हैं.
युवाओं के लिए डिजिटल प्लेटफॉर्म
रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं के लिए यह पोर्टल सरकारी और निजी क्षेत्र की नौकरियों की जानकारी एक ही स्थान पर उपलब्ध कराता है. इसके साथ ही ऑनलाइन रजिस्ट्रेशन और रोजगार मेलों में भाग लेने जैसी सुविधाएं भी प्रदान करता है.
ADVERTISEMENT











