RRB Recruitment 2026: सरकारी नौकरी की तलाश कर रहे युवाओं के लिए अच्छा मौका है. रेलवे भर्ती बोर्ड (RRB) ने शॉर्ट नोटिफिकेशन जारी करके सेक्शन कंट्रोलर के 119 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मांगे हैं. यह भर्ती देश भर के कई अलग-अलग रेलवे जोन के लिए निकाली गई है. जो भी छात्र रेलवे में नौकरी करना चाहते है, वो 15 जुलाई से 14 अगस्त 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
ADVERTISEMENT
योग्य और इच्छुक उम्मीदवार आवेदन करने के लिए आरआरबी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर अंतिम तिथि से पहले रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं. ऐसे में जो छात्र बेसब्री से सरकारी नौकरी का इंतजार कर रहे थे, वे भारतीय रेलवे में सेक्शन कंट्रोलर के पद पर अपना भविष्य बना सकते हैं.
भर्ती से जुड़ी जरूरी तारीखें
इस भर्ती से जुड़ा एक छोटा नोटिस 23 जून 2026 को जारी किया गया था. इसका एक विस्तृत नोटिफिकेशन संभवतः 15 जुलाई 2026 को जारी किया जाएगा और इसी दिन से ऑनलाइन आवेदन करने की प्रक्रिया भी शुरू हो जाएगी. योग्य उम्मीदवार 14 अगस्त 2026 तक अपना रजिस्ट्रेशन फॉर्म भर सकते हैं.
जोन के अनुसार पदों का विवरण
रेलवे ने कुल 119 पदों को अलग-अलग जोन में बांटा है. इसमें सबसे ज्यादा 17 पद ईस्ट सेंट्रल रेलवे में हैं. इसके बाद वेस्टर्न रेलवे और साउदरन रेलवे में 13-13 पद खाली हैं. साउथ ईस्टर्न रेलवे में 14 पद, सेंट्रल रेलवे में 8 पद, नार्थर्न रेलवे में 8 पद और साउथ वेस्टर्न रेलवे में 8 पद रखे गए हैं. ईस्ट कोस्ट रेलवे और नार्थइस्ट फ्रंटियर रेलवे में 6-6 पद हैं. नार्थ ईस्टर्न रेलवे, साउथ सेंट्रल रेलवे और वेस्ट सेंट्रल रेलवे में 5-5 पद शामिल हैं. इसके अलावा नार्थ सेंट्रल रेलवे और साउथ ईस्ट सेंट्रल रेलवे में सबसे कम 2-2 पद खाली हैं.
आवेदन के लिए जरूरी योग्यताएं
इस पद के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवार की उम्र कम से कम 20 साल और ज्यादा से ज्यादा 33 साल होनी चाहिए, जिसकी गणना 1 जुलाई 2026 के आधार पर की जाएगी. तो वहीं आरक्षित वर्गों के लिए सरकारी नियमों के तहत आयु सीमा में छूट दी जाएगी. इसके साथ ही उम्मीदवारों के पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से ग्रेजुएशन की डिग्री होना जरूरी है.
चयन प्रक्रिया के चार चरण
सेक्शन कंट्रोलर बनने के लिए उम्मीदवारों को चार अलग-अलग चरणों को पास करना होगा. सबसे पहले कंप्यूटर आधारित परीक्षा (CBT) होगी. इस परीक्षा में पास होने वाले छात्रों को कंप्यूटर आधारित एप्टीट्यूड टेस्ट (CBAT) के लिए बुलाया जाएगा. इन दोनों परीक्षाओं के बाद दस्तावेजों की जांच (Document Verification) की जाएगी और अंत में एक मेडिकल टेस्ट होगा. इन सभी चरणों को पूरा करने के बाद परीक्षा में मिले अंकों के आधार पर फाइनल मेरिट लिस्ट तैयार होगी.
बेहतरीन सैलरी और अन्य सुविधाएं
सेक्शन कंट्रोलर की नौकरी 7वें वेतन आयोग के पे-लेवल 6 के तहत आती है. इसमें शुरुआती बेसिक सैलरी 35,400 रुपये महीना तय की गई है. भत्ते मिलाकर उम्मीदवार को हर महीने लगभग 60,000 रुपये इन-हैंड सैलरी मिलेगी. सालाना पैकेज करीब 7.5 लाख से 10 लाख रुपये के बीच होता है. बेसिक पे के अलावा कर्मचारियों को महंगाई भत्ता (DA), मकान किराया भत्ता (HRA), ट्रांसपोर्ट और नाइट ड्यूटी अलाउंस के साथ मेडिकल और पेंशन जैसी सुविधाएं भी मिलती हैं.
ADVERTISEMENT











