CSIR Recruitment 2026: वैज्ञानिक और औद्योगिक अनुसंधान परिषद (CSIR) ने असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO) के 100 पदों पर भर्ती निकाली है. योग्य और इच्छुक उम्मीदवार 13 जुलाई 2026 तक विभाग के आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं. यह भर्ती विशेष रूप से उन उम्मीदवारों के लिए है, जिन्होंने UPSC सिविल सेवा परीक्षा 2024 दी थी. चुने गए उम्मीदवारों को ग्रुप बी के तहत नियुक्त किया जाएगा. इसके साथ ही उन्हें केंद्र सरकार के नियमों अनुसार सैलिरी और भत्ते भी दिए जाएंगे.
ADVERTISEMENT
यूपी के छात्रों के लिए अवसर
इस भर्ती के लिए हर कोई आवेदन नहीं कर सकता हैं. यह भर्ती खास तौर पर उन उम्मीदवारों के लिए है जिन्होंने यूपीएससी सिविल सेवा परीक्षा (UPSC CSE) 2024 दी थी, लेकिन उनका अंतिम रूप में चयन नहीं हो पाया था. ऐसे में यूपी के समेत भारत के सभी राज्यों के छात्रों का नाम 'यूपीएससी प्रतिभा सेतु पोर्टल' पर दर्ज होना अनिवार्य है. साथ ही, उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त यूनिवर्सिटी से बैचलर डिग्री (ग्रेजुएशन) का होना अनिवार्य है. आवेदन के लिए छात्रों की अधिकतम उम्र 33 साल तय की गई है.
कुल 100 पदों पर होगी भर्ती
यह भर्ती कुल 100 पदों के लिए निकाली गई है, जिन्हें तीन अलग-अलग विभागों में बांटा गया है. इसमें ASO जनरल के लिए सबसे ज्यादा 61 पद रखे गए हैं. इसके अलावा ASO फाइनेंस एंड अकाउंट्स के लिए 18 पद और ASO स्टोर्स एंड परचेज के लिए 21 पद शामिल हैं. इन सभी पदों को अनारक्षित, एससी, एसटी, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस कैटेगरी के अनुसार बांटा गया है.
आयु सीमा में मिलेगी खास छूट
सरकारी नियमों के अनुसार आरक्षित वर्गों को अधिकतम उम्र में छूट भी दी जाएगी. एससी और एसटी वर्ग के उम्मीदवारों को 5 साल और ओबीसी (NCL) वर्ग को 3 साल की छूट मिलेगी. इसके अलावा दिव्यांग (PwBD) उम्मीदवारों को उनकी कैटेगरी के हिसाब से 10 से 15 साल तक की छूट मिलेगी. पूर्व सैनिकों और CSIR के विभागीय कर्मचारियों को भी नियमों के अनुसार आयु सीमा में राहत दी जाएगी.
आवेदन करने के आसान चरण
इच्छुक उम्मीदवार नीचे दिए गए इन आसान चरणों का पालन करके अपना फॉर्म भर सकते हैं:
- सबसे पहले CSIR की आधिकारिक वेबसाइट csir.res.in या recruitment.csir.res.in पर जाएं.
- वहां दिए गए "Apply Online" लिंक पर क्लिक करें और अपना रजिस्ट्रेशन पूरा करें.
- रजिस्ट्रेशन के बाद मिले अपने यूजर आईडी और पासवर्ड की मदद से लॉग-इन करें.
- फॉर्म में अपनी व्यक्तिगत जानकारी, पढ़ाई की डिटेल्स और मांगी गई अन्य सभी जानकारी भरें.
- अपनी पासपोर्ट साइज फोटो, हस्ताक्षर (सिग्नेचर) और जरूरी दस्तावेज अपलोड करें.
- फॉर्म में भरी गई सभी जानकारी को एक बार ध्यान से चेक करें और फिर एप्लीकेशन फॉर्म सबमिट कर दें.
- जिन उम्मीदवारों पर फीस लागू होती है, वे एसबीआई कलेक्ट (SBI Collect) के जरिए अपनी फीस जमा करें.
- अंत में भविष्य की जरूरत के लिए फीस की रसीद डाउनलोड करें और फाइनल फॉर्म का एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें.
आवेदन के लिए कितनी लगेगी फीस
आवेदन करने के लिए सामान्य (अनारक्षित), ओबीसी (NCL) और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये की फीस देनी होगी. वहीं सभी वर्गों की महिलाओं, एससी, एसटी, दिव्यांग और पूर्व सैनिकों के लिए यह आवेदन बिल्कुल फ्री है, यानी उन्हें कोई फीस नहीं देनी है.
ADVERTISEMENT











