UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में कल यानि 13 जुलाई 2026 को मौसम का मिजाज अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रहने वाला है. मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की संभावना है, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी रह सकता है. इसके साथ ही पूर्वी यूपी के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है. विभाग ने लोगों से सतर्क रहने और मौसम से जुड़े दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
पश्चिमी और पूर्वी यूपी के लिए क्या है मौसम का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की बहुत संभावना है. वहीं, पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. हालांकि मौसम संबंधी चेतावनी में पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए किसी विशेष अलर्ट की घोषणा नहीं की गई है. दूसरी ओर, पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की संभावना जताई गई है, जबकि शेष क्षेत्रों के लिए कोई चेतावनी जारी नहीं की गई है.
इन 7 जिलों में होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने जिन जिलों के लिए भारी बारिश की आशंका जताई है, उनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बलरामपुर व इसके आसपास के इलाके हैं. विभाग का कहना है कि इन क्षेत्रों में तेज बारिश के कारण स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित हो सकता है. ऐसे में लोगों को मौसम की ताजा जानकारी पर नजर रखने की सलाह दी गई है.
भारी बारिश से हो सकती हैं ये परेशानियां
मौसम विभाग के अनुसार निचले इलाकों और सुरंगों में जलजमाव, कच्चे ढांचों को नुकसान, बिजली व्यवस्था में बाधा और सड़क यातायात में रुकावट बन सकती है. इसके अलावा मौसमी नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ सकता है. बागवानी और वृक्षारोपण वाली फसलों को भी हल्का नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है.
मौसम विभाग ने दी ये खास सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अचानक जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षित या पक्के मकानों में ही आश्रय लें. विभाग ने अस्थायी और कमजोर संरचनाओं को सुरक्षित करने या खाली करने की सलाह दी है. इसके साथ ही बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था रखने, यात्रा से पहले योजना बनाने, मौसमी नदी-नालों और खतरे के निशान के आसपास बह रही नदियों से दूरी बनाए रखने की अपील की गई है. लोगों को गड्ढों, पोखरों और ऐसे तालाबों में न नहाने की भी सलाह दी गई है, जहां बाहर से पानी आ रहा हो.
ADVERTISEMENT











