Greater Noida: ग्रेटर नोएडा में रहने वाले लोगों के लिए यह बहुत अच्छी खबर है. ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने ग्रेनो वेस्ट के शाहबेरी में उत्तर प्रदेश का पहला डबल डेकर (दो मंजिला) फ्लाईओवर बनाने का निर्णय लिया है. यह फैसला पूर्व प्रस्तावित चार लेन के फ्लाईओवर के लिए जरूरी 15 मीटर की चौड़ाई न मिलने के बाद लिया गया है.
ADVERTISEMENT
यह फ्लाईओवर ग्रेनो वेस्ट को 130 मीटर रोड के जरिए सीधे दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे पर जोड़ेगा. जिसके चलते ग्रेटर नोएडा से दिल्ली और गाजियाबाद जाने का सफर सुगम और आसान हो जाएगा. इसके साथ ही लोगों को तिगरी चौक पर रोज-रोज लगने वाले भारी ट्रैफिक जाम से भी छुटकारा मिल जाएगा
जगह की कमी से बदला डिजाइन
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण ने पहले यहां चार लेन का एक साधारण फ्लाईओवर बनाने की योजना बनाई थी. प्रोजेक्ट के GM एके सिंह ने बताया कि चार लेन के फ्लाईओवर को बनाने के लिए 15 मीटर चौड़ी जगह चाहिए होती है, लेकिन वहां सिर्फ 14 मीटर जगह ही मिल पा रही थी. इसी वजह से डिजाइन में बड़ा बदलाव किया गया है. अब यह फ्लाईओवर महज 12 मीटर की जगह में ही तीन-तीन लेन का डबल डेकर बनाया जाएगा.
NHAI को दिया गया प्रजेंटेशन
ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के परियोजना विभाग ने इस नए फ्लाईओवर के डिजाइन का प्रजेंटेशन NHAI को दे दिया है. इसके साथ ही NHAI ने इस पूरे प्रोजेक्ट की विस्तृत रिपोर्ट मांगी है, जिसके बाद निर्माण पर आखिरी फैसला लिया जाएगा. यह फ्लाईओवर नेशनल हाइवे से जुड़ेगा इसीलिए पहले इसे बनाने का काम NHAI को दिया गया था, जिसकी लागत 400 करोड़ रुपए अनुमानित की गई थी. हालांकि अब इस नए डबल डेकर फ्लाईओवर को बनाने के लिए करीब 900 करोड़ रुपये के खर्च का अनुमान लगाया गया है.
तिगरी चौक के जाम से मुक्ति
यह शानदार फ्लाईओवर 1400 मीटर लंबा होगा. यह ग्रेटर नोएडा वेस्ट की 130 मीटर रोड को शाहबेरी और क्रॉसिंग रिपब्लिक होते हुए सीधा दिल्ली-मेरठ एक्सप्रेसवे से जोड़ेगा. इस फ्लाईओवर के निर्माण के बाद लोगों को गाजियाबाद जाने के लिए तिगरी चौक के भारी जाम में नहीं फंसना पड़ेगा. इसके साथ ही फ्लाईओवर के दोनों तलों पर वन-वे ट्रैफिक रहेगा, जिससे ग्रेटर नोएडा से गाजियाबाद और दिल्ली जाना बेहद आसान हो जाएगा.
नीचे की सड़क भी रहेगी चालू
इस डबल डेकर फ्लाईओवर को बनाने के लिए मुख्य रूप से यू-शेप पीयर (U-Shape Pier) तकनीक का इस्तेमाल किया जाएगा. इस तकनीक से सबसे बड़ा फायदा फ्लाईओवर के नीचे बनी सड़क को होगा, यह सड़क पूरी तरह से चालू रहेगी. जिसका उपयोग लोकल मार्केट जाने के लिए आसपास की सोसाइटियों और गांव के लोग सर्विस लेन की तरह आसानी से इस्तेमाल कर सकेंगे.
ADVERTISEMENT











