UP Highway: उत्तर प्रदेश के रोड नेटवर्क को लेकर केंद्रीय सड़क परिवहन और राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने एक बेहद बड़ा ऐलान किया है. लखनऊ में आयोजित कार्यक्रम में गडकरी ने घोषणा की है कि अगले दो सालों के भीतर यूपी में पूरे 5 लाख करोड़ रुपये के सड़क प्रोजेक्ट्स पूरे किए जाएंगे. इसके साथ ही राज्य को 50,000 से 60,000 करोड़ रुपये की नई परियोजनाओं की सौगात भी मिल गई है.
ADVERTISEMENT
इस पूरे ऐलान के बीच लखनऊ और सीतापुर के लोगों के लिए एक ऐसी बड़ी खुशखबरी छिपी है, जो उनके सफर की पूरी तस्वीर बदलने वाली है...
लखनऊ-सीतापुर का सफर सिर्फ 50 मिनट में
रोजाना सफर करने वालों और ट्रैफिक से जूझने वाले लोगों के लिए लखनऊ-सीतापुर हाईवे की सौगात है. नितिन गडकरी ने इस रूट को सिक्स-लेन करने का ऐलान किया है. इस काम पर करीब 1,200 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे.
अभी तक लखनऊ से सीतापुर जाने में लगभग दो घंटे का वक्त लग जाता है, लेकिन सिक्स-लेन बनने के बाद यह दूरी महज 50 मिनट में पूरी हो सकेगी. इसी तरह कानपुर से लखनऊ के बीच का सफर भी बेहद आसान हो चुका है, जिसे लेकर गडकरी ने बताया कि उन्होंने खुद यह दूरी सिर्फ 22 मिनट में तय की.
यूपी में और क्या नया बनने वाला है?
केंद्रीय मंत्री और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के बीच हुई बैठक के बाद यूपी के इंफ्रास्ट्रक्चर को लेकर कई बड़े और आधुनिक फैसले लिए गए हैं-
- शहीद पथ पर 23 किमी लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मांग पर लखनऊ एयरपोर्ट से आउटर रिंग रोड (शहीद पथ के ऊपर) तक 23 किलोमीटर लंबा एलिवेटेड कॉरिडोर तुरंत मंजूर कर दिया गया है. इसके ऊपर मेट्रो चलाने के प्रोजेक्ट को भी हरी झंडी मिल गई है.
- रोपवे और इलेक्ट्रिक बसें: गडकरी ने बताया कि उनका मंत्रालय मेट्रो तो नहीं बना सकता, लेकिन यूपी के शहरों में ट्रैफिक कम करने के लिए वे रोपवे और हवा में चलने वाली एलिवेटेड इलेक्ट्रिक बसों जैसे 'इलेक्ट्रिक मास रैपिड ट्रांजिट' सिस्टम पर काम कर रहे हैं.
- हर जिले में फोर-लेन कनेक्टिविटी: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने बताया कि राज्य के उन सभी शहरों में बाईपास बनाए जाएंगे जिनकी आबादी 5 लाख से ज्यादा है. साथ ही यूपी के हर जिला मुख्यालय को फोर-लेन सड़क से जोड़ा जा रहा है.
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह की मौजूदगी में हुए इस कार्यक्रम में करीब 4,850 करोड़ रुपये के तीन नेशनल हाईवे प्रोजेक्ट्स का उद्घाटन और शिलान्यास भी किया गया. केंद्रीय मंत्री ने साफ कहा कि उन्होंने यूपी के अधिकारियों के साथ बैठक में जिन भी नए कामों पर चर्चा की थी, उन सबको मंजूरी दे दी गई है.
गडकरी का वादा और अमेरिकी सड़कों का किस्सा
नितिन गडकरी ने मंच से कहा, "मैंने अपने 45 साल के सार्वजनिक जीवन में कभी झूठे वादे नहीं किए. अगर कोई काम नहीं हो सकता तो मैं सरेआम मना कर देता हूं."
सड़कों की अहमियत समझाते हुए उन्होंने पूर्व अमेरिकी राष्ट्रपति जॉन एफ. कैनेडी की एक मशहूर बात भी दोहराई,
"अमेरिका इसलिए अमीर नहीं है क्योंकि वहां की सड़कें अच्छी हैं; बल्कि अमेरिका की सड़कें अच्छी हैं, इसलिए अमेरिका अमीर है."
यूपी को 'भारत का दिल' बताते हुए उन्होंने साफ किया कि जब देश का यह हिस्सा समृद्ध होगा, तभी भारत की तरक्की को रफ्तार मिलेगी.
ADVERTISEMENT











