राम मंदिर में पहली बार CEO की सीधी भर्ती, डिग्री-अनुभव के साथ रख दी ऐसी शर्त जो हर कोई नहीं कर सकता पूरी

आयशा शेख़

• 03:32 PM • 13 Jul 2026

राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने अयोध्या राम मंदिर के मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं.

UP Tak
Google CTA

Ram Mandir CEO Recruitment: श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने राम मंदिर की व्यवस्थाओं को और अधिक सुचारू, सुरक्षित और पारदर्शी बनाने के लिए मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) के पद के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं. इस जिम्मेदारी वाले पद के लिए ट्रस्ट ने योग्य उम्मीदवारों से आवेदन मांगे हैं.

यह भी पढ़ें...

इस हाई-प्रोफाइल पद के लिए योग्य और अनुभवी उम्मीदवारों से आवेदन मांगे गए हैं. यह पहला मौका है जब राम मंदिर के लिए इतने बड़े प्रशासनिक पद पर खुली भर्ती की जा रही है. चयनित व्यक्ति का कार्यक्षेत्र सीधे अयोध्या होगा और वह ट्रस्ट के महामंत्री के प्रति जवाबदेह होगा. 

ट्रस्ट ने इस पद के लिए सख्त शर्तें रखी हैं, जिनमें केवल बड़ी डिग्री या अनुभव ही काफी नहीं है, बल्कि धार्मिक आस्था को लेकर भी एक ऐसी शर्त है जिसे जानना आपके लिए जरूरी है... 

क्या हैं इस पद के लिए जरूरी योग्यताएं?

ट्रस्ट द्वारा जारी नोटिफिकेशन के मुताबिक, इस पद के लिए केवल वही लोग आवेदन कर सकते हैं जो इन मानकों पर खरे उतरते हैं-

  • शैक्षणिक योग्यता: उम्मीदवार का कम से कम ग्रेजुएट होना चाहिए.
  • अनुभव: किसी बड़े सरकारी विभाग, कंपनी या पब्लिक ऑर्गेनाइजेशन में मैनेजमेंट का कम से कम 20 साल का अनुभव होना अनिवार्य है.
  • धार्मिक आस्था: आवेदन करने वाला व्यक्ति सनातनी हिंदू होना चाहिए जो नियमित रूप से पूजा-पाठ करता हो. अगर उम्मीदवार वैष्णव परंपरा से ताल्लुक रखने वाला राम भक्त है तो उसे प्राथमिकता दी जाएगी.
  • उम्र सीमा: उम्मीदवार की उम्र 50 से 70 वर्ष के बीच होनी चाहिए. इस योग्यता और कौशल वाले सेवानिवृत्त अधिकारी भी आवेदन कर सकते हैं.
  • भाषा ज्ञान: उम्मीदवार को हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं का अच्छा ज्ञान होना चाहिए.

क्या काम करना होगा?

चुने गए सीईओ की पोस्टिंग अयोध्या में होगी और वह सीधे ट्रस्ट के महासचिव को रिपोर्ट करेंगे. उनके जिम्मे मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था, वित्तीय पारदर्शिता, भक्तों की सुविधा और सुरक्षा, वीआईपी मेहमानों का स्वागत और सनातन परंपराओं के अनुसार त्योहारों का सुचारू संचालन सुनिश्चित करना होगा.

शर्तें और सैलरी

नौकरी 3 साल के कॉन्ट्रैक्ट पर होगी, जिसे बाद में बढ़ाया भी जा सकता है. जहां तक सैलरी और सुविधाओं का सवाल है तो ट्रस्ट ने साफ किया है कि इसके लिए आपसी बातचीत के आधार पर एक बेहतरीन पैकेज तय किया जाएगा.

कैसे करें आवेदन?

अगर आप इन सभी शर्तों को पूरा करते हैं तो देर मत कीजिए. आवेदन करने की आखिरी तारीख शनिवार, 18 जुलाई 2026 को शाम 4:00 बजे तक है. उम्मीदवारों को अपना आवेदन ईमेल आईडी searchcommittee.srjbt@gmail.com पर भेजना होगा.