UP Weather Update: उत्तर प्रदेश में आज यानि 13 जुलाई को मौसम का मिजाज अलग-अलग क्षेत्रों में अलग रहने की संभावना है. मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर बारिश और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं, जबकि पूर्वी उत्तर प्रदेश के कई इलाकों में बारिश का सिलसिला जारी रहने के आसार हैं. विभाग ने पूर्वी यूपी के उत्तर-पूर्वी हिस्से के 7 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी करते हुए लोगों से सतर्क रहने और मौसम संबंधी सलाह का पालन करने की अपील की है.
ADVERTISEMENT
कल क्या है मौसम का पूर्वानुमान?
मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिम उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछार पड़ने की बहुत संभावना है. बता दें पूर्वी उत्तर प्रदेश में कुछ स्थानों पर वर्षा और गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ने की बहुत संभावना है. विभाग ने स्पष्ट किया है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश के लिए किसी तरह की विशेष मौसम चेतावनी जारी नहीं की गई है. हालांकि, पूर्वी उत्तर प्रदेश के उत्तर-पूर्वी हिस्से में भारी बारिश की संभावना बनी हुई है, जबकि बाकी क्षेत्रों के लिए फिलहाल कोई विशेष अलर्ट नहीं है.
इन 7 जिलों में भारी बारिश की सबसे ज्यादा संभावना
मौसम विभाग ने जिन जिलों में भारी बारिश का अनुमान जताया है, उनमें देवरिया, गोरखपुर, संत कबीर नगर, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर और बलरामपुर शामिल हैं. इसके अलावा आसपास के क्षेत्रों में भी तेज बारिश हो सकती है. विभाग का कहना है कि लगातार बारिश की वजह से स्थानीय स्तर पर जनजीवन प्रभावित होने की आशंका है. ऐसे में लोगों को मौसम के ताजा अपडेट पर नजर बनाए रखने की सलाह दी गई है.
जलभराव से लेकर बिजली बाधित होने तक
मौसम विभाग के अनुसार निचले इलाकों और सुरंगों में जलजमाव, कच्चे ढांचों को नुकसान, बिजली व्यवस्था में बाधा और सड़क यातायात में रुकावट की स्थिति बन सकती है. इसके अलावा मौसमी नदी-नालों का जलस्तर अचानक बढ़ने की संभावना है. बागवानी और वृक्षारोपण से जुड़ी फसलों को भी हल्का नुकसान पहुंच सकता है. विभाग ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और मौसम की स्थिति को देखते हुए सतर्क रहने की सलाह दी है.
मौसम विभाग ने दी ये सलाह
मौसम विभाग ने लोगों से अपील की है कि अचानक जलभराव वाले क्षेत्रों से दूर रहें और सुरक्षित या पक्के मकानों में ही आश्रय लें. विभाग ने अस्थायी और कमजोर संरचनाओं को सुरक्षित करने या जरूरत पड़ने पर खाली करने की भी सलाह दी है. इसके साथ ही बिजली की वैकल्पिक व्यवस्था रखने, यात्रा से पहले योजना बनाने और मौसमी नदी-नालों या खतरे के निशान के आसपास बह रही नदियों से दूरी बनाए रखने को कहा गया है. लोगों को ऐसे गड्ढों, पोखरों और तालाबों में न नहाने की भी सलाह दी गई है, जहां बाहर से पानी आ रहा हो.
ADVERTISEMENT











