Noida International Airport: भारत के दो सबसे नए और आधुनिक एयरपोर्ट्स को आपस में जोड़ने वाली इकलौती डायरेक्ट फ्लाइट महज 15 दिनों में बंद हो गई है. बजट एयरलाइन अकासा एयर ने नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट और नवी मुंबई इंटरनेशनल एयरपोर्ट के बीच चलने वाली अपनी नॉन-स्टॉप सर्विस को अस्थायी रूप से सस्पेंड कर दिया है.
ADVERTISEMENT
इस रूट की शुरुआत भारी उत्साह के साथ इसी साल 16 जून को हुई थी, लेकिन 1 जुलाई से इस पर ताला लग गया. अकासा एयर दोनों नए एयरपोर्ट्स को सीधे जोड़ने वाली देश की पहली और एकमात्र एयरलाइन थी. आखिर ऐसा क्या हुआ कि कंपनी को इतनी जल्दी बड़ा फैसला लेना पड़ा? क्या सिर्फ पैसेंजर्स की कमी थी या कहानी कुछ और है?
नेटवर्क ऑप्टिमाइजेशन या घाटे का सौदा?
मनीकंट्रोल की रिपोर्ट के मुताबिक, अकासा एयर ने इस कदम को अपनी नियमित नेटवर्क समीक्षा का हिस्सा बताया है. एयरलाइन ने आधिकारिक बयान में कहा,
"अकासा एयर ग्राहकों की मांग, सीजन, ऑपरेशनल एफिशिएंसी और विमानों की उपलब्धता जैसे कारकों के आधार पर लगातार अपने नेटवर्क और शेड्यूल को री-डिजाइन करती है. इसी प्रक्रिया के तहत समय-समय पर कुछ रूट्स और फ्लाइट शेड्यूल में बदलाव किए जाते हैं."
हालांकि, एयरलाइन ने यह भी साफ किया है कि पाबंदी हमेशा के लिए नहीं है. नोएडा-नवी मुंबई सर्विस को 1 अक्टूबर 2026 से दोबारा शुरू करने की योजना है. फिलहाल, कंपनी ने इस रूट के विमानों को उन मार्केट्स में शिफ्ट कर दिया है, जहां डिमांड बहुत ज्यादा है.
कनेक्टिविटी बनी बड़ी मुसीबत
सिर्फ चमचमाते एयरपोर्ट बना देने से पैसेंजर्स नहीं मिलते. एविएशन इंडस्ट्री के जानकारों का मानना है कि दोनों नए एयरपोर्ट्स तक पहुंचने के लिए सर्फेस कनेक्टिविटी का न होना सबसे बड़ी कमजोरी साबित हुआ.
- पब्लिक ट्रांसपोर्ट की कमी: न तो अभी सीधी मेट्रो है और ना ही रैपिड रेल.
- महंगा सफर: अधूरा रोड इंफ्रास्ट्रक्चर और टैक्सियों का भारी किराया यात्रियों की जेब पर भारी पड़ रहा है.
- हाई यूजर चार्ज: इंडिगो और एअर इंडिया जैसी बड़ी एयरलाइंस ने भी रेगुलेटर (AERA) के सामने चिंता जताई थी कि ऊंचे एयरपोर्ट चार्ज और खराब पब्लिक ट्रांसपोर्ट के कारण नोएडा एयरपोर्ट पर ट्रैफिक ग्रोथ प्रभावित हो सकती है.
पैसेंजर्स को दिल्ली या मुंबई के पुराने और स्थापित एयरपोर्ट्स से उड़ान भरना अब भी ज्यादा आसान और किफायती लग रहा है.
बाकी एयरलाइंस का क्या है हाल?
अकासा एयर ने कंपनी ने बेंगलुरु-नोएडा रूट भी बंद कर दिया है. वहीं दूसरी एयरलाइंस दांव लगा रही हैं. इंडिगो ने 1 जुलाई से नोएडा से 31 नई डेली फ्लाइट्स शुरू की हैं, जिससे उसका नेटवर्क 15 शहरों तक पहुंच गया है. वहीं, एअर इंडिया एक्सप्रेस भी नवी मुंबई से अपनी पकड़ मजबूत कर रही है.
अब देखना यह होगा कि अक्टूबर में जब अकासा एयर दोबारा इस रूट पर लौटेगी, तब तक इंफ्रास्ट्रक्चर में कितना सुधार होता है और क्या यह रूट दोबारा उड़ान भर पाएगा.
ADVERTISEMENT











