Pilibhit Balwinder Singh Murder Case: उत्तर प्रदेश के पीलीभीत में 10 जुलाई की रात नेशनल हाईवे-730 पर जलते ट्रक में चालक बलविंदर सिंह की मौत का मामला अब हादसा नहीं, बल्कि हत्या निकला है. पूरनपुर थाना पुलिस ने जांच के बाद रुद्रपुर निवासी 40 साल की अमनदीप कौर उर्फ अमन को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक आरोपी महिला ने लव अफेयर खत्म करने के लिए पहले बलविंदर के सिर पर लोहे की रॉड से हमला किया और उसके बाद ट्रक केबिन में डीजल डालकर आग लगा दी.
ADVERTISEMENT
10 जुलाई की रात हाईवे पर धधकता मिला था ट्रक
10 जुलाई 2026 की रात पूरनपुर पुलिस को बड़ी नहर और गुरुद्वारा धन्ना बाबा के पास हाईवे पर खड़े ट्रक नंबर JH02K9750 में आग लगने की सूचना मिली थी. पुलिस और दमकल की टीम ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाई तो ट्रक के केबिन में एक जला हुआ शव बरामद हुआ. मृतक की पहचान रामपुर निवासी बलविंदर सिंह के रूप में हुई, जो ट्रक के चालक और मालिक दोनों थे. इसके बाद उनके भाई गुरमीत सिंह की तहरीर पर पूरनपुर थाने में अज्ञात के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया.
पुलिस को हादसे पर हुआ शक
शुरुआत में यह मामला ट्रक में आग लगने से हुई दुर्घटना जैसा लग रहा था, लेकिन जांच आगे बढ़ी तो पुलिस को कई अहम सुराग मिले. एसपी सुकीर्ति माधव के निर्देश पर गठित टीम ने सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से जांच को आगे बढ़ाया. इसी दौरान पुलिस की नजर बलविंदर से जुड़े एक महिला के संपर्क और घटना से पहले की गतिविधियों पर गई. पूछताछ के लिए अमनदीप कौर को हिरासत में लिया गया.
प्रेम संबंध खत्म करना चाहती थी महिला
पुलिस पूछताछ में अमनदीप कौर ने कथित तौर पर वारदात की बात स्वीकार की. पुलिस के अनुसार, महिला और बलविंदर के बीच पिछले 2-3 साल से प्रेम संबंध था. अमन इस रिश्ते को खत्म करना चाहती थी, जबकि बलविंदर इससे पीछे हटने को तैयार नहीं था. 10 जुलाई को दोनों की मुलाकात के दौरान इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और महिला ने बलविंदर पर हमला कर दिया.
रॉड से सिर पर वार फिर डाला डीजल
पुलिस के मुताबिक विवाद के दौरान अमनदीप कौर ने ट्रक में रखी लोहे की रॉड से बलविंदर सिंह के सिर पर वार किया, जिससे वह बेहोश हो गए. इसके बाद आरोपी महिला ने केबिन में रखा डीजल उन पर और अंदर डालकर आग लगा दी. पुलिस का दावा है कि वारदात को दुर्घटना का रूप देने और सबूत मिटाने के इरादे से ट्रक में आग लगाई गई. इसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गई.
पुलिस ने डीजल का केन किया बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने कथित तौर पर वारदात में इस्तेमाल लोहे की रॉड और डीजल का केन बरामद किया है. अमनदीप कौर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है. पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज, तकनीकी साक्ष्य और पूछताछ के आधार पर पूरे मामले की कड़ियां जोड़ी गईं. अब इस घटना को लेकर जांच आगे बढ़ाई जा रही है.
ADVERTISEMENT











