Hapur Gaurav Tyagi Murder: उत्तर प्रदेश के हापुड़ में बुधवार को दिनदहाड़े एक युवक की बेरहमी से हत्या कर दी गई. हापुड़ देहात थाना क्षेत्र में दिनेश विद्यापीठ पुलिस चौकी से करीब 150 मीटर दूर कार सवार चार हमलावरों ने गौरव त्यागी पर हथौड़े, लाठी-डंडे, सरिया और धारदार हथियारों से हमला कर दिया. गंभीर रूप से घायल गौरव को पहले अस्पताल ले जाया गया, जहां से मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया. इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई.
ADVERTISEMENT
कोर्ट में गवाही देने जाते समय हमला
मृतक गौरव त्यागी बाबूगढ़ थाना क्षेत्र के मौहम्मदपुर आजमपुर के रहने वाले थे. बताया गया कि जमीनी और पुरानी रंजिश के चलते उनके खिलाफ पक्ष के लोगों पर हत्या के प्रयास का मुकदमा दर्ज था, जिसमें गौरव मुख्य गवाह थे. वह इसी मामले में कोर्ट में गवाही देने जा रहे थे. ददायरा चौराहे से विद्यापीठ चौकी की ओर बढ़ते समय कार सवार आरोपियों ने रास्ते में उन्हें घेर लिया और हमला शुरू कर दिया.
लाठी-डंडों और हथौड़े से किया हमला
हमले में गौरव गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े. आसपास मौजूद लोगों के बीच भी दहशत फैल गई. घायल गौरव को तत्काल देवनंदनी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन हालत नाजुक होने के कारण डॉक्टरों ने उन्हें मेरठ के हायर सेंटर भेज दिया. वहां उपचार के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया. घटना से जुड़ा एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है.
चार आरोपियों की तलाश में तीन टीमें गठित
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी. सीओ सिटी अनीता चौहान ने बताया, "परिजनों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज किया जा रहा है. फरार चारों आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन टीमें गठित कर दी गई हैं." पुलिस अब वारदात के कारणों और हमले में शामिल आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है.
ADVERTISEMENT











