UP Crime News: उत्तर प्रदेश के फतेहपुर में एक महिला की हत्या के आरोप में पुलिस ने उसके पति को गिरफ्तार किया है. पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति ने पत्नी की हत्या करने के बाद वारदात को हादसा दिखाने की कोशिश की और उसे अस्पताल लेकर पहुंचा. वहां उसने रोने का नाटक भी किया. हालांकि, जांच के दौरान सामने आए फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया.
ADVERTISEMENT
पूरा केस जानिए
यह मामला फतेहपुर के थाना कोतवाली क्षेत्र के नासिरपीर मोहल्ले का है. पुलिस के मुताबिक, यहां किराए के मकान में रहने वाली शालिनी की 8 अगस्त को हत्या कर दी गई. इस मामले में उसके पति और सहायक शिक्षक दिलीप कुमार यादव पर हत्या का आरोप है.
पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाने की बात सामने आई
पुलिस के मुताबिक, आरोपी पति अपनी पत्नी पर अवैध संबंध होने का आरोप लगाता था. इसी बात को लेकर विवाद के बाद हत्या किए जाने की बात जांच में सामने आई है. हालांकि, मृतका के पिता धर्मराज यादव ने बेटी पर लगाए गए इन आरोपों को पूरी तरह खारिज किया है. पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पत्नी के सिर पर कूकर के ढक्कन और हैंडल से वार किया. इसके बाद उसकी गर्दन पकड़कर इन्फ्लेटेबल टब में भरे पानी में डुबोने का आरोप है.
हत्या के बाद हादसे का रचा गया नाटक
एसपी अभिमन्यु मांगलिक के मुताबिक, आरोपी दिलीप यादव ने 8 अगस्त की सुबह वारदात को अंजाम दिया. पुलिस के अनुसार, पत्नी पर हमला करने और उसे टब के पानी में डुबोने के बाद आरोपी करीब 20 मिनट तक बाहर घूमता रहा. इसके बाद वापस आकर उसने अपने भाइयों को फोन किया और पत्नी के हादसे में बेहोश होने की बात कही. इसके बाद उसे अस्पताल ले जाया गया. 9 अगस्त को मृतका के परिजनों की तहरीर पर मामला दर्ज किया गया और पुलिस ने जांच शुरू की.
फॉरेंसिक साक्ष्यों के आधार पर गिरफ्तारी
पुलिस ने मामले की जांच के दौरान फॉरेंसिक साक्ष्यों को आधार बनाया. इसके बाद मुख्य आरोपी दिलीप यादव को कथित तौर पर हत्या में इस्तेमाल किए गए सामान के साथ गिरफ्तार किया गया. पुलिस के मुताबिक, आरोपी को 12 अगस्त को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया.
2017 में हुई थी लव मैरिज
पुलिस के मुताबिक, दिलीप और शालिनी ने 3 दिसंबर 2017 को लव मैरिज की थी. दोनों शादीपुर और नासिरपीर इलाके में किराए के मकान में रहते थे. बाद में दोनों के बीच विवाद बढ़ने लगा. पुलिस पूछताछ में आरोपी पति की ओर से पत्नी पर अवैध संबंध का आरोप लगाए जाने की बात सामने आई है. पुलिस के मुताबिक, इसी को लेकर गुस्से में हत्या किए जाने की बात आरोपी ने कबूल की.
पिता ने बेटी पर लगे आरोपों को बताया गलत
मृतका के पिता धर्मराज यादव ने पुलिस की ओर से किए गए खुलासे का समर्थन किया, लेकिन बेटी पर लगाए गए अफेयर के आरोपों को पूरी तरह गलत बताया.
उनका आरोप है कि अप्रैल 2025 से दिलीप और शालिनी के बीच विवाद चल रहा था. पिता के मुताबिक, दिलीप का अपने ही स्कूल की एक महिला टीचर से अफेयर था. उन्होंने बताया कि शालिनी ने यह बात परिवार को बताई थी.
पिता का कहना है कि समझाने के बावजूद आरोपी अपनी आदतों से बाज नहीं आया और उल्टा उनकी बेटी पर ही गलत आरोप लगाता रहा.
ये भी पढ़ें: नौकरी की तलाश में युवक संग नोएडा आई थी 19 साल की लड़की, PG में मिली लाश
ADVERTISEMENT











