नोएडा के PG में मिली थी 19 साल की महक अहमद की बॉडी, हत्या के बाद फरार हुआ रमन राज बिहार में पकड़ा गया तो ये पता चला

यूपी तक

• 10:20 AM • 15 Aug 2026

नोएडा के बरौला स्थित नेस्ट रेंटल्स पैनोरमा बिल्डिंग में युवती महक अहमद की मौत के मामले में फरार आरोपी रमन राज को बिहार के कटिहार में शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक 7 और 8 अगस्त की रात महक अपने दोस्त रमन राज के साथ शराब पीती हुई देखी गई थी. इसके बाद महक का शव रमन राज के कमरे से बरामद हुआ था.

Mahak Ahmed Murder Case

Mahak Ahmed Murder Case

Google CTA

Mahak Ahmed Murder Case: नोएडा के बरौला स्थित नेस्ट रेंटल्स पैनोरमा बिल्डिंग में युवती महक अहमद की मौत के मामले में फरार आरोपी रमन राज को बिहार के कटिहार में शराब के साथ गिरफ्तार किया गया है. पुलिस के मुताबिक 7 और 8 अगस्त की रात महक अपने दोस्त रमन राज के साथ शराब पीती हुई देखी गई थी. इसके बाद महक का शव रमन राज के कमरे से बरामद हुआ था. घटना के बाद से रमन राज फरार था और अपने घर कटिहार पहुंच गया था. इसी बीच कटिहार नगर थाना पुलिस ने गश्त के दौरान उसे फुलवारी काली मंदिर पोखर के पास पांच बोतल शराब के साथ पकड़ लिया. अब नोएडा पुलिस उसे अपने साथ ले जाने और पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की कानूनी प्रक्रिया में जुटी है.

यह भी पढ़ें...

शराब पार्टी के बाद महक का मिला था शव

जानकारी के मुताबिक 19 साल की महक अहमद असम के डिब्रूगढ़ जिले की रहने वाली थी और नोएडा स्थित एक PG में अपनी सहेली संजना साहू के साथ कमरा नंबर 13 में किराये पर रहती थी. जानकारी के मुताबिक वह यहां नौकरी की तलाश में आई थी. इसी बिल्डिंग के कमरा नंबर 23 में बिहार के कटिहार निवासी रमन राज रहता था. दोनों के बीच दोस्ती थी. महक की सहेली संजना के अनुसार 7 और 8 अगस्त की रात महक को रमन राज के साथ उसकी बालकनी में शराब पीते देखा गया था. दोनों के हाथ में शराब की बोतल, पानी की बोतल और चिप्स थे. कुछ देर बाद दोनों कमरे के अंदर चले गए. संजना के मुताबिक अमित यादव और इफरा अंसारी समेत कुछ अन्य लोगों ने भी दोनों को साथ देखा था.

कमरे में ताला मिला तो खुला पूरा मामला

संजना ने बताया कि सुबह उठने के बाद जब महक अपने कमरे में नहीं मिली तो वह रमन राज के कमरे पर पहुंची. वहां दरवाजे पर ताला लगा था और दोनों के मोबाइल फोन भी बंद आ रहे थे. इसके बाद बिल्डिंग के मालिक सार्थक बंसल को सूचना दी गई. केयरटेकर सूरज ने कमरे का ताला तोड़ा. अंदर तेज गंध के बीच जमीन पर खून से लथपथ महक का शव मिला. इसके बाद बिल्डिंग मालिक ने पुलिस को सूचना दी. मौके पर पहुंची पुलिस को महक की सहेली और अन्य लोगों ने रमन राज पर हत्या का आरोप लगाया.

नोएडा पुलिस कटिहार पहुंची तो चला पता

मामले में नोएडा पुलिस ने 10 अगस्त 2026 को केस दर्ज किया. पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार कांड संख्या 0254 में BNS की धारा 103(1) और 238 के तहत कार्रवाई की गई है. रमन राज की तलाश में नोएडा थाना सेक्टर-49 की पुलिस बिहार के कटिहार पहुंची. हालांकि, वहां पहुंचने पर पुलिस को पता चला कि रमन राज पहले ही शराबबंदी कानून के तहत गिरफ्तार होकर जेल भेजा जा चुका है. कटिहार पुलिस ने उसे पांच बोतल शराब के साथ पकड़ा था.

शराब केस में जेल भेजा गया आरोपी

कटिहार पुलिस अनुमंडल के DSP विशाल आनंद ने बताया कि रमन राज के खिलाफ शराब मामले में केस दर्ज कर कानूनी कार्रवाई की गई है. उन्होंने कहा 8 अगस्त को नोएडा में एक महिला की हत्या करने में रमन राज अभियुक्त है. नोएडा पुलिस रमन राज को ढूंढते-ढूंढते कटिहार पहुंच गई है. DSP के मुताबिक नोएडा पुलिस को कटिहार पुलिस की ओर से जरूरी कानूनी औपचारिकताएं पूरी करने और जांच में हर संभव सहयोग दिया जा रहा है.

अब रिमांड लेकर नोएडा लाने की तैयारी

रमन राज के कटिहार जेल भेजे जाने के बाद अब नोएडा पुलिस उसे पूछताछ के लिए रिमांड पर लेने की प्रक्रिया में जुटी है. पुलिस कटिहार न्यायालय में आवश्यक न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर रही है, ताकि आरोपी से महक की मौत के मामले में पूछताछ की जा सके और उसे नोएडा लाया जा सके. फिलहाल मामले में हत्या की वजह और घटनाक्रम को लेकर पुलिस की जांच आगे बढ़ रही है. अब जांच के दौरान यह स्पष्ट होगा कि 7 और 8 अगस्त की रात कमरे के अंदर आखिर क्या हुआ था और महक की मौत किन परिस्थितियों में हुई.