CM योगी ने गिनाईं आजादी की उपलब्धियां, बोले- देश को बांटने वाली ताकतों से रहना होगा सतर्क

यूपी तक

• 09:25 AM • 15 Aug 2026

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 अगस्त को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया. इस दौरान उन्होंने 80वे स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, बलिदान और क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया.

Yogi AdityanathN On Independence Day 2026

Yogi AdityanathN On Independence Day 2026

Google CTA

Yogi Adityanath Independence Day Speech: उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 15 अगस्त को लखनऊ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर ध्वजारोहण किया. इस दौरान उन्होंने 80वे स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए देश की आजादी के लिए किए गए संघर्ष, बलिदान और क्रांतिकारियों के योगदान को याद किया. सीएम योगी ने कहा कि आजादी केवल राजनीतिक स्वतंत्रता तक सीमित नहीं है, बल्कि देश को गरीबी, अशिक्षा, पिछड़ेपन और असमानता से भी मुक्त करना इसका हिस्सा है. उन्होंने नागरिकों से देश की प्रगति में सामूहिक रूप से योगदान देने की अपील की.

यह भी पढ़ें...

आजादी के संघर्ष और 1857 का किया जिक्र

मुख्यमंत्री ने कहा कि लंबे संघर्ष, त्याग और बलिदान के बाद 1947 में भारत को स्वतंत्रता मिली. उन्होंने 1857 के प्रथम स्वतंत्रता संग्राम का जिक्र करते हुए मंगल पांडे, रानी लक्ष्मीबाई और धन सिंह कोतवाल जैसे वीरों को याद किया. सीएम योगी ने कहा कि देश के अलग-अलग हिस्सों में विदेशी दासता के खिलाफ संघर्ष चलता रहा और सभी के मन में देश को आजाद कराने का एक ही भाव था. उन्होंने कहा कि 'आजादी का मतलब केवल राजनीतिक आजादी नहीं है. आजादी का मतलब उस अराजकता से, उस पिछड़ेपन से, उस गरीबी से, उस अशिक्षा से, उस असमानता से भी सर्वथा मुक्ति है.'

बोले- देश को बांटने वाली ताकतों से सतर्क रहें

सीएम योगी ने कहा कि पिछले आठ दशकों में देश के सामने मौजूद कई समस्याओं के समाधान की दिशा में काम हुआ है. उन्होंने कहा कि बहुआयामी गरीबी से 25 करोड़ लोग मुक्त हुए हैं और शिक्षा का दायरा बढ़ा है. शासन की योजनाओं का लाभ बिना भेदभाव समाज के अलग-अलग वर्गों तक पहुंचने की बात भी उन्होंने कही. योगी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के उस संदेश का जिक्र किया, जिसमें देश को बांटने और कमजोर करने वाली ताकतों से सतर्क रहने की अपील की गई है. उन्होंने कहा कि देश की चार प्रमुख जातियों में गरीब, युवा, महिला और अन्नदाता किसान शामिल हैं और इन्हें केंद्र में रखकर योजनाएं बनाई गई हैं.

युवा, स्वास्थ्य और इंफ्रास्ट्रक्चर पर जोर

मुख्यमंत्री ने कहा कि पिछले 12 वर्षों में इन चारों वर्गों को ध्यान में रखते हुए कई योजनाएं बनाई गईं और उन्हें जमीन पर लागू करने की दिशा में काम हुआ. उन्होंने मिशन रोजगार और युवाओं के लिए आधुनिक तकनीक से जुड़े नए प्लेटफॉर्म व संस्थानों का जिक्र किया. स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार के लिए नए मेडिकल कॉलेज और एम्स की श्रृंखला विकसित होने की बात भी कही. इसके अलावा रेलवे कनेक्टिविटी, मेट्रो, रैपिड रेल, अमृत भारत और वंदे भारत जैसी सुविधाओं का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि देश में आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर और सार्वजनिक परिवहन का विस्तार हुआ है.

चौरी-चौरा और काकोरी कांड को किया याद

योगी आदित्यनाथ ने स्वतंत्रता आंदोलन के दौरान उत्तर प्रदेश में हुई महत्वपूर्ण घटनाओं का भी जिक्र किया. उन्होंने गोरखपुर की चौरी-चौरा घटना और लखनऊ की काकोरी ट्रेन एक्शन को याद करते हुए कहा कि आजादी का संघर्ष लगातार आगे बढ़ता रहा. मुख्यमंत्री ने महात्मा गांधी, सरदार वल्लभभाई पटेल, डॉ. भीमराव अंबेडकर, नेताजी सुभाष चंद्र बोस और अन्य स्वतंत्रता सेनानियों को नमन किया. उन्होंने कहा कि भारत की आजादी के लिए अपना जीवन समर्पित करने वाले सभी वीरों की स्मृतियों को आज याद करने का दिन है. साथ ही देश की सीमाओं और आंतरिक सुरक्षा में बलिदान देने वाले जवानों को भी श्रद्धांजलि दी.

इंस्पेक्टर सुनील कुमार को कीर्तिचक्र मिलने पर दी बधाई

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश पुलिस के लिए स्वतंत्रता दिवस को खास बताया. उन्होंने कहा कि पहली बार उत्तर प्रदेश के जांबाज इंस्पेक्टर सुनील कुमार को भारत का कीर्तिचक्र प्राप्त हुआ है. उन्होंने कानून व्यवस्था स्थापित करने और अपराधियों के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति को प्रभावी बनाने के दौरान बलिदान देने वाले इंस्पेक्टर सुनील कुमार को श्रद्धांजलि दी. सीएम ने कहा, 'उत्तर प्रदेश पुलिस को इस उपलब्धि के लिए हृदय से बधाई देता हूं.' उन्होंने राष्ट्रपति के वीरता पुरस्कार पाने वाले उत्तर प्रदेश के अधिकारियों और कर्मचारियों को भी बधाई दी. अंत में मुख्यमंत्री ने आत्मनिर्भर और विकसित भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए सभी नागरिकों से मिलकर प्रयास करने की अपील की और प्रदेशवासियों को स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं.