चुनाव से पहले मायावती का बड़ा एक्शन, बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत मिश्रा को पार्टी से निकाला

सिमर चावला

• 01:00 PM • 13 Aug 2026

बसपा सुप्रीमो मायावती ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों के आरोप में निष्कासित कर दिया. चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को भी संदेश दिया.

अंटू मिश्रा बसपा से निष्कासित

अंटू मिश्रा बसपा से निष्कासित

Google CTA

UP Poltics News: उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव को लेकर सियासी गतिविधियां तेज हैं. इसी बीच बहुजन समाज पार्टी (बसपा) सुप्रीमो  मायावती ने पूर्व स्वास्थ्य मंत्री अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. बसपा सुप्रीमो मायावती ने उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित कर दिया है.

यह भी पढ़ें...

मायावती ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट कर अंटू मिश्रा के निष्कासन की जानकारी दी. उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रहे अनंत कुमार मिश्रा उर्फ अंटू मिश्रा को उनकी पार्टी विरोधी गतिविधियों के चलते तत्काल प्रभाव से पार्टी से बाहर किया गया है.

मायावती ने क्या कहा?

मायावती ने अपनी पोस्ट में कहा कि उत्तर प्रदेश में चुनावी माहौल गर्म है. ऐसे में पार्टी के सभी स्तर के लोगों को विरोधियों के विभिन्न तरह के 'साम, दाम, दंड, भेद' जैसे हथकंडों से सावधान रहना चाहिए. उन्होंने पार्टी के नेताओं और कार्यकर्ताओं से पूरी ईमानदारी और निष्ठा के साथ बसपा के आंबेडकरवादी मिशन को आगामी विधानसभा चुनाव में सफल बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की. मायावती का संदेश ऐसे समय आया है, जब प्रदेश में विधानसभा चुनाव को लेकर राजनीतिक दल अपनी तैयारियों में जुटे हैं.

अंटू मिश्रा पर पार्टी विरोधी गतिविधियों का आरोप

बसपा की ओर से अंटू मिश्रा को पार्टी विरोधी गतिविधियों में शामिल होने का आरोप लगाते हुए निष्कासन की कार्रवाई की गई है. मायावती ने स्पष्ट किया कि उन्हें तत्काल प्रभाव से पार्टी से निष्कासित किया गया है. अंटू मिश्रा उत्तर प्रदेश की पिछली बसपा सरकार में स्वास्थ्य मंत्री रह चुके हैं. हालांकि, मायावती की पोस्ट में उनके खिलाफ पार्टी विरोधी गतिविधियों से जुड़े आरोपों का विस्तृत ब्योरा नहीं दिया गया है.

चुनाव से पहले कार्यकर्ताओं को मायावती का संदेश

अंटू मिश्रा के निष्कासन के साथ मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं को भी स्पष्ट संदेश दिया है. उन्होंने कहा कि चुनावी माहौल में विरोधियों के हथकंडों से सावधान रहते हुए संगठन को पूरी निष्ठा के साथ काम करना होगा. बसपा प्रमुख ने आगामी विधानसभा आम चुनाव में पार्टी के आंबेडकरवादी मिशन को सफल बनाने के लिए सभी स्तर के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से पूरी ताकत लगाने की अपील की है.

आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ को भी निकाल चुकी हैं मायावती

अंटू मिश्रा से पहले मायावती पार्टी के पूर्व राज्यसभा सांसद और आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ के खिलाफ भी कार्रवाई कर चुकी हैं. उन्हें पार्टी से निष्कासित किया गया था. अशोक सिद्धार्थ पर अनुशासनहीनता और गुटबाजी के आरोप लगाए गए थे. अब अंटू मिश्रा के निष्कासन के बाद चुनाव से पहले बसपा संगठन में पार्टी नेतृत्व की सख्ती का संदेश सामने आया है.

ये भी पढ़ें: '30 साल का लड़का 50 साल के अखिलेश यादव को...' बसपा सुप्रीमो मायावती के भतीजे आकाश आनंद ने सपा चीफ को क्यों कहा 'अंकल'