UP Politics: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल सिंह यादव ने बुधवार, 12 अगस्त को रामपुर जेल पहुंचकर पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान से मुलाकात की. मुलाकात के बाद शिवपाल यादव ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर आजम खान, जौहर यूनिवर्सिटी, 2027 के विधानसभा चुनाव और बीजेपी सरकार को लेकर कई बातें कहीं. उन्होंने कहा कि आजम खान ने उनसे 2027 में दौरा करने और सरकार बनाने की बात कही है. वहीं, सरकार बनने पर समर्थकों द्वारा आजम खां को रक्षा मंत्री बनाने की बात पर शिवपाल सिंह यादव ने कहा, 'पहले हम उनको गृह मंत्री बनाएंगे.'
ADVERTISEMENT
‘कितना भी जुल्म हो, सपा के साथ रहेंगे आजम खान’
शिवपाल यादव ने कहा कि आजम खान ने उनसे कहा है कि वह समाजवादी पार्टी के थे और रहेंगे. उन्होंने कहा कि आजम खान ने यह भी कहा है कि कितना भी जुल्म और अत्याचार हो, वह समाजवादी पार्टी और अखिलेश यादव के साथ रहेंगे. शिवपाल यादव ने बताया कि आजम खान ने उनसे 2027 के चुनाव को लेकर प्रदेश में दौरा करने और सरकार बनाने की बात कही है. उन्होंने कहा कि आजम खान का कहना है कि सरकार बनाना बहुत जरूरी है.
‘पूरी समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ’
अखिलेश यादव के अभी तक रामपुर नहीं पहुंचने से जुड़े सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि पूरी समाजवादी पार्टी आजम खान के साथ है. उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव भी रामपुर आएंगे. शिवपाल ने यह भी कहा कि टिकट को लेकर जेल में कोई बातचीत नहीं हुई. उन्होंने बताया कि टिकट का फैसला राष्ट्रीय अध्यक्ष और सेंट्रल पार्लियामेंट बोर्ड करता है.
जौहर यूनिवर्सिटी को लेकर सरकार पर निशाना
शिवपाल यादव ने आजम खान से मुलाकात के बाद जौहर यूनिवर्सिटी का भी मुद्दा उठाया. उन्होंने कहा कि यूनिवर्सिटी बनाने के लिए सभी विधायकों, सांसदों और जनता ने चंदा दिया था. उन्होंने यूनिवर्सिटी के प्रोफेसरों और विभागाध्यक्षों से भी बातचीत करने की बात कही. शिवपाल ने आरोप लगाया कि जौहर यूनिवर्सिटी को बर्बाद करने की कोशिश की गई है. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर यूनिवर्सिटी के साथ गलत करने वाले अधिकारियों और कर्मचारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
‘आजम खान ने रामपुर की शक्ल बदल दी थी’
शिवपाल यादव ने आजम खान के रामपुर में किए गए कामों का भी जिक्र किया. उन्होंने कहा कि आजम खान जब मंत्री थे, तब उन्होंने रामपुर की शक्ल बदल दी थी. शिवपाल ने रामपुर की सड़कों और इमारतों का जिक्र करते हुए कहा कि यहां काफी विकास कार्य कराए गए थे. उन्होंने कहा कि जौहर यूनिवर्सिटी के साथ-साथ स्कूलों और कॉलेजों में भी काम हुआ और बच्चों को शिक्षा दी गई.
2027 में बीजेपी को हराने की बात
शिवपाल यादव ने कहा कि 2027 के विधानसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी भारतीय जनता पार्टी को हराकर उत्तर प्रदेश में सरकार बनाएगी. गठबंधन के सवाल पर उन्होंने कहा कि इस बारे में राष्ट्रीय नेता और राष्ट्रीय अध्यक्ष फैसला करेंगे. उन्होंने छात्रों और नौजवानों के आंदोलनों का भी जिक्र किया. शिवपाल ने कहा कि अगर छात्र और नौजवान आगे आएंगे तो यूनिवर्सिटी को बचाने की शुरुआत भी होगी. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी छात्रों के सहयोग से यूनिवर्सिटी को बचाने के लिए पूरा सहयोग करेगी.
आजम खान की तबीयत पर क्या बोले शिवपाल?
आजम खान की तबीयत को लेकर पूछे गए सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि उन्हें काफी तकलीफें हैं. उन्होंने आरोप लगाया कि आजम खान को जेल में जमीन पर लिटाया जा रहा है और दवाइयों समेत सुविधाओं को लेकर भी परेशानी है. शिवपाल ने कहा कि वह इन बातों से विधानसभा में अवगत कराएंगे. उन्होंने बीजेपी सरकार पर निशाना साधते हुए उसे ‘अंधी, बहरी, भ्रष्ट और बेईमान’ सरकार बताया.
‘आजम खान कभी नाराज नहीं हुए’
आजम खान के समाजवादी पार्टी से नाराज होने के सवाल पर शिवपाल यादव ने कहा कि वह कभी नाराज नहीं हुए. उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के सांसद और लोग लगातार आजम खान के साथ रहे हैं. रामपुर में सपा में दो फाड़ होने के सवाल पर शिवपाल ने इसे खारिज करते हुए कहा कि ऐसा कुछ नहीं है.
ADVERTISEMENT











