टिकट बंटवारे का हुआ फैसला? रामपुर जेल में आजम खान से मिले शिवपाल यादव, एक घंटे चली मुलाकात

आमिर खान

12 Aug 2026 (अपडेटेड: 12 Aug 2026, 02:28 PM)

समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव बुधवार को रामपुर जेल में आजम खान और अब्दुल्ला आजम से मिलने पहुंचे. करीब एक घंटे की प्रस्तावित मुलाकात को लेकर रामपुर की सियासत में चर्चाएं तेज हैं.

UP Tak
Google CTA

Rampur News: रामपुर जेल के बाहर बुधवार को समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं की भीड़ नजर आई. वजह थी समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव की आजम खान से मुलाकात. शिवपाल यादव रामपुर जेल के अंदर आजम खान और अब्दुल्ला आजम से मिलने पहुंचे. दोनों नेताओं के बीच करीब एक घंटे की मुलाकात चली.

यह भी पढ़ें...

शिवपाल यादव के जेल पहुंचने के बाद इस मुलाकात को लेकर सियासी चर्चाएं भी तेज हो गई हैं. खासकर रामपुर में हाल के दिनों में समाजवादी पार्टी में हुई कुछ जॉइनिंग और आजम खान के करीबियों की नाराजगी को देखते हुए इस मुलाकात पर सबकी नजर है.

आजम खान से मिलने पहुंचे शिवपाल यादव

रामपुर जेल के बाहर मौजूद सपा कार्यकर्ताओं में शिवपाल यादव के पहुंचने के बाद काफी उत्साह नजर आया. सपा के रामपुर जिला अध्यक्ष अजय सागर भी जेल के बाहर मौजूद थे. जब उनसे मुलाकात को लेकर सवाल किया गया तो उन्होंने कहा कि यह एक औपचारिक मुलाकात है.

अजय सागर के मुताबिक, शिवपाल यादव आजम खान से मिलने के बाद उनके परिवार के लोगों से भी मुलाकात करेंगे. इसके बाद उनके जौहर विश्वविद्यालय जाने का कार्यक्रम है.

सपा में हुई जॉइनिंग को लेकर नाराजगी की चर्चा

दरअसल, पिछले दिनों आजम खान के करीबियों आसिफ राजा और सपा के जिला अध्यक्ष अजय सागर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस की थी. इसमें पार्टी में उन लोगों को शामिल किए जाने पर नाराजगी जताई गई थी, जिनके बारे में उनका कहना था कि उन्होंने 2022 और 2024 के चुनाव में भाजपा का समर्थन किया या भाजपा के लिए चुनाव लड़ाया.

इसके बाद मोहिबुल्लाह नदवी ने कई लोगों को समाजवादी पार्टी की सदस्यता दिलाई थी. इसको लेकर आजम खान के करीबियों की नाराजगी सामने आई थी. मामले ने इसलिए भी ज्यादा तूल पकड़ा क्योंकि इन लोगों को पार्टी में शामिल कराने में डिंपल यादव की मौजूदगी की बात सामने आई थी. इसके बाद रामपुर की सियासत में इस मुद्दे को लेकर चर्चाएं लगातार बनी हुई हैं.

चुनाव और टिकट पर हुई बात?

शिवपाल यादव और आजम खान की मुलाकात को लेकर एक और चर्चा उत्तर प्रदेश में आने वाले चुनावों को लेकर है. माना जा रहा है कि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में चुनावी रणनीति और टिकट को लेकर भी बातचीत हुई.

हालांकि, यह अभी सिर्फ कयास हैं. जेल के बाहर मौजूद सपा जिला अध्यक्ष अजय सागर ने भी साफ कहा कि उन्हें अंदर होने वाली बातचीत के बारे में कोई जानकारी नहीं है. उनके मुताबिक, दोनों बड़े नेता हैं और उनके बीच किस स्तर पर क्या चर्चा होगी, यह वही बता सकते हैं.

आजम खान के करीबियों की अखिलेश से भी मुलाकात

सूत्रों के हवाले से यह भी बताया जा रहा है कि पिछले करीब डेढ़ महीने में आजम खान के करीबी लोग कई बार अखिलेश यादव से मिल चुके हैं. उन्हें आजम खान से मिलने के लिए बुलाए जाने और जौहर विश्वविद्यालय में छात्रों से मुलाकात की बात भी कही गई थी.

ऐसे में शिवपाल यादव का आजम खान से जेल में मिलना राजनीतिक तौर पर काफी अहम माना जा रहा है. हालांकि मुलाकात के बाद ही यह साफ होगा कि दोनों नेताओं के बीच वास्तव में किन मुद्दों पर चर्चा हुई.