UP Big Crime News: उत्तर प्रदेश के बागपत में करीब 20 दिन से लापता दो दोस्तों के शव मंदिर परिसर में दफन मिले हैं. मामला थाना चांदीनगर क्षेत्र के लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर का है. मृतकों की पहचान अंकित और इसरार के रूप में हुई है. दोनों दोस्त थे. परिजनों के मुताबिक, मंदिर में पुजारी से मिलने के लिए गए थे. इसके बाद दोनों का कोई पता नहीं चला. पुलिस ने मंदिर परिसर में खुदाई कर दोनों शवों को बरामद किया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. इस मामले में परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर हत्या का शक जताया है. पुजारी फिलहाल फरार बताया जा रहा है.
ADVERTISEMENT
20 दिन से लापता थे दोनों दोस्त
बताया जा रहा है कि अंकित और इसरार करीब 20 दिन पहले घर से निकले थे. इसके बाद दोनों वापस नहीं लौटे. परिजन लगातार दोनों की तलाश कर रहे थे.
परिजनों के मुताबिक, दोनों लहचौड़ा गांव स्थित गणेश मंदिर में पुजारी से मिलने पहुंचे थे. इसके बाद से ही दोनों लापता थे. इसी बीच परिजनों को मंदिर परिसर में दोनों के शव दफन किए जाने की जानकारी मिली.
सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मंदिर परिसर में खुदाई कराई. गड्ढे से दोनों के शव बरामद किए गए. पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.
धूनी के नीचे दफन किए गए थे शव
मामले में सामने आई जानकारी के मुताबिक, दोनों शव मंदिर परिसर में बनी धूनी के नीचे गड्ढा खोदकर दफन किए गए थे. इसके बाद उस जगह को इंटरलॉकिंग टाइल्स से ढक दिया गया था. करीब 20 दिन बाद दोनों शवों के बरामद होने के बाद मंदिर परिसर में हड़कंप मच गया. पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि दोनों की हत्या कैसे और किस वजह से की गई.
पुजारी पर परिजनों ने जताया शक
परिजनों ने मंदिर के पुजारी पर हत्या का शक जताया है. उनके मुताबिक, यह पुजारी पहले अंकित और इसरार के गांव सिंगोली तगा स्थित मंदिर में रहता था. करीब छह महीने पहले वह लहचौड़ा गांव के गणेश मंदिर में रहने आया था.
परिजनों का कहना है कि दोनों दोस्त पुजारी से मिलने मंदिर पहुंचे थे और इसके बाद संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गए. जिस पुजारी पर शक जताया जा रहा है, वह फिलहाल फरार बताया जा रहा है.
हत्या की वजह को लेकर पुलिस की जांच जारी
फिलहाल हत्या की पूरी वजह को लेकर जांच जारी है. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि दोनों की हत्या क्यों की गई और इस वारदात में और कौन-कौन लोग शामिल थे.
पुलिस के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या के पीछे अवैध संबंध की बात सामने आई है. पुलिस का कहना है कि मृतक के परिवार की एक महिला से कथित अवैध संबंध के चलते यह वारदात हुई.
वहीं, परिजनों ने आरोपी पुजारी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है और उसके एनकाउंटर की मांग भी की है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.
ये भी पढ़ें: कूकर के ढक्कन से हमला, फिर पानी में डुबोया... फतेहपुर में पत्नी शालिनी को दिलीप यादव ने बुरी तरह मारा!
ADVERTISEMENT











