Kaushambi Murder Case: उत्तर प्रदेश के कौशांबी जिले से दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवक पर अपने ही पिता की गोली मारकर हत्या करने का आरोप लगा है. पुलिस की शुरुआती जांच में पारिवारिक और आर्थिक विवाद इस वारदात की मुख्य वजह के रूप में सामने आया है. मृतक की पहचान 48 वर्षीय रामनरेश कोरी के रूप में हुई है, जो कलेक्ट्रेट कार्यालय में सफाई कर्मचारी के पद पर कार्यरत थे. घटना के बाद आरोपी बेटा फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं.
ADVERTISEMENT
काम पर जाते समय रास्ते में हुई वारदात
पुलिस के मुताबिक, सोमवार सुबह रामनरेश कोरी अपने 22 वर्षीय बेटे राहुल के साथ मोटरसाइकिल से मंझनपुर स्थित कार्यस्थल की ओर जा रहे थे. जब दोनों बीपी पब्लिक स्कूल के पास पहुंचे, तभी राहुल ने अपने पिता से बाइक रोकने के लिए कहा. जैसे ही रामनरेश ने मोटरसाइकिल रोकी, आरोपी बेटे ने कथित तौर पर अपने पास मौजूद देशी तमंचा निकाल लिया और पिता के सीने में दो गोलियां दाग दीं. अचानक हुए हमले में रामनरेश गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े, जबकि आरोपी मौके से फरार हो गया.
अस्पताल में इलाज के दौरान हुई मौत
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल रामनरेश को अस्पताल पहुंचाया. उनकी हालत गंभीर देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें प्रयागराज के स्वरूप रानी नेहरू (एसआरएन) अस्पताल रेफर कर दिया. वहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई. इस घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी और आरोपी की तलाश तेज कर दी.
आर्थिक विवाद को माना जा रहा वजह
पुलिस जांच में सामने आया है कि परिवार में लंबे समय से आर्थिक मामलों को लेकर तनाव बना हुआ था. अधिकारियों के अनुसार, परिवार के कुछ सदस्यों का आरोप है कि रामनरेश अपने बच्चों की पढ़ाई और घर के खर्च के लिए पर्याप्त आर्थिक सहायता नहीं दे रहे थे. इसी बात को लेकर परिवार में लगातार विवाद होता था. बताया गया कि रामनरेश मंझनपुर में अपने बड़े भाई राकेश के साथ रहते थे, जबकि उनकी पत्नी सुधा देवी, तीन बेटे राहुल, अरुण और अंकित तथा बेटी बित्तन देवी गांव नारा में अलग रहते थे. पारिवारिक दूरी और आर्थिक मतभेद समय के साथ गहराते चले गए.
आरोपी की तलाश में जुटीं पुलिस टीमें
मामले में मृतक के बड़े भाई राकेश की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. मंझनपुर क्षेत्राधिकारी शिवांक सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की तीन विशेष टीमें गठित की गई हैं. संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है.
(आज तक के इनपुट से)
ADVERTISEMENT










