जज के पेशकार राशिद को बीच सड़क पर मार डाला... मासूम भतीजे ने बताई आंखो देखी दास्तां

Amroha Crime News: अमरोहा में नेशनल हाईवे पर खौफनाक वारदात घटी. मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने जज के पेशकार राशिद की उनके परिवार के सामने पीट-पीटकर हत्या की. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लिया. देखें यूपी Tak की ग्राउंड रिपोर्ट.

बीएस आर्य

12 Jan 2026 (अपडेटेड: 12 Jan 2026, 06:06 PM)

follow google news

Amroha Crime News: उत्तर प्रदेश के अमरोहा जिले से एक ऐसी सनसनीखेज वारदात सामने आई है. इस वारदात ने कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं. यहां नेशनल हाईवे पर मामूली कहासुनी के बाद दबंगों ने एक जज के पेशकार (क्लर्क) की उनके परिवार के सामने ही पीट-पीटकर हत्या कर दी.

यह भी पढ़ें...

क्या है पूरा मामला?

अमरोहा जिला न्यायालय में जूनियर डिवीजन जज के पेशकार राशिद रविवार 11 जनवरी को अपनी पत्नी, तीन बच्चों और भतीजे के साथ कार से मुरादाबाद जा रहे थे. डिडोली थाना क्षेत्र के संभल चौराहे के पास उनकी कार की टक्कर एक बाइक से हो गई. चश्मदीदों के मुताबिक बाइक सवार रॉन्ग साइड से आ रहे थे और ओवरटेक करने की कोशिश कर रहे थे.

बदला लेने के लिए कार रुकवाई

हादसे के बाद शुरुआत में दोनों पक्षों के बीच कहासुनी हुई और मामला शांत हो गया. लेकिन बाइक सवार युवकों ने बदला लेने की नीयत से राशिद की कार का पीछा किया. कुछ दूर आगे जाकर उन्होंने अर्पण हॉस्पिटल के पास कार के आगे अपनी बाइक लगा दी. दबंगों ने राशिद को जबरन कार से बाहर निकाला और करीब 20 मिनट तक उनके साथ बेरहमी से मारपीट की.

यहां नीचे देखिए यूपी Tak की खास वीडियो रिपोर्ट

परिजनों के सामने तोड़ा दम


राशिद के भतीजे ने रोते हुए बताया कि हमलावरों ने उनके चाचा को जमीन पर गिराकर तब तक मारा जब तक वे अचेत नहीं हो गए. घायल राशिद को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इस पूरी घटना के दौरान राशिद की पत्नी और बच्चे बेबस होकर सब देखते रहे. 

अमरोहा पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए चार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है. पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में ले लिया है और उनसे पूछताछ की जा रही है. एसपी अमरोहा के अनुसार, शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और आगे की वैधानिक कार्रवाई प्रचलित है. इलाके में शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात किया गया है.