1.29 करोड़ रुपए आलमारी से हुए गायब, हरदोई में नौकरों ने घर का हर राज जानकर ऐसे रची करोड़ों की साजिश, फिर रातों-रात 8 बैग लेकर हो गए फरार

प्रशांत पाठक

• 09:30 AM • 26 Jul 2026

उत्तर प्रदेश के हरदोई में कारोबारी के घर हुई 1.29 करोड़ रुपये की चोरी का पुलिस ने खुलासा किया है. आरोप है कि घर के नौकरों ने कथित तौर पर परिवार को नींद की गोलियां देकर अलमारी से नोटों से भरे आठ बैग चोरी कर लिए.

Hardoi Domestic Workers Theft News

Hardoi Domestic Workers Theft News

Google CTA

Hardoi Domestic Workers Theft: उत्तर प्रदेश के हरदोई में एक कारोबारी के घर हुई करोड़ों रुपये की चोरी का पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है. पुलिस के मुताबिक, इस वारदात को घर में काम करने वाले नौकरों ने अपने साथियों के साथ मिलकर अंजाम दिया. आरोप है कि परिवार के खाने में कथित तौर पर नींद की गोलियां मिलाई गईं, जिसके बाद अलमारी से नोटों से भरे आठ बैग लेकर आरोपी फरार हो गए. मामले में पुलिस ने दो बाल अपचारियों समेत 16 लोगों को पकड़ने का दावा किया है और उनके कब्जे से करीब 1 करोड़ 29 लाख रुपये की नकदी बरामद की है. हालांकि, कुछ आरोपी अभी भी फरार बताए जा रहे हैं.

यह भी पढ़ें...

घर की हर जानकारी का उठाया फायदा

यह वारदात 16-17 जुलाई की रात शहर कोतवाली क्षेत्र के रेलवेगंज इलाके में रहने वाले थोक परचून कारोबारी पंकज अग्रवाल के घर हुई थी. शुरुआती जांच में पुलिस का शक घर में काम करने वाले तीन नौकरों पर गया. पूछताछ और जांच आगे बढ़ी तो सामने आया कि दो नाबालिग घरेलू नौकर और कर्मचारी शोभित को घर की पूरी व्यवस्था की जानकारी थी. उन्हें पता था कि अलमारी की चाबी तकिए के नीचे रखी जाती है, घर में कितनी नकदी रहती है और परिवार किस समय सोता है. पुलिस के अनुसार, यही जानकारी बाहर मौजूद साथियों तक पहुंचाई गई और उसी आधार पर पूरी साजिश तैयार की गई.

परिवार के सोते ही घर में दाखिल हुए आरोपी

पुलिस के मुताबिक, योजना के तहत घरेलू नौकरों ने कथित तौर पर परिवार के खाने में नींद की गोलियां मिला दीं. जब सभी लोग गहरी नींद में सो गए तो आरोपी छत के रास्ते घर के अंदर पहुंचे. इसके बाद कारोबारी के कमरे में जाकर तकिए के नीचे रखी अलमारी की चाबी निकाली गई. अलमारी खोलकर नोटों से भरे आठ बैग बाहर खड़े वाहन में रखे गए और कुछ ही मिनटों में पूरा गिरोह मौके से फरार हो गया. घटना के बाद पुलिस ने एसओजी, स्वाट और स्थानीय पुलिस की संयुक्त टीम बनाकर जांच शुरू की और सर्विलांस के जरिए आरोपियों तक पहुंचने का दावा किया.

कई लोगों तक पहुंचाई गई चोरी की रकम

जांच में पुलिस को पता चला कि चोरी की रकम को छिपाने और अलग-अलग स्थानों पर रखने के लिए कई अन्य लोगों को भी शामिल किया गया था. पुलिस ने छापेमारी कर 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया, जबकि दो बाल अपचारियों को हिरासत में लिया. बरामद नकदी की कुल राशि 1 करोड़ 28 लाख 99 हजार 310 रुपये बताई गई है. पुलिस के अनुसार, टडियांवा थाना क्षेत्र के बेलाहा गांव निवासी अजय शुक्ला, शिवम और बदन ने घरेलू नौकरों के साथ मिलकर पूरी योजना बनाई थी. इसके बाद रकम को ठिकाने लगाने के लिए लखनऊ के मड़ियावा निवासी दीपक साहू, सनी गुप्ता, अमान और हरदोई के परम किशोर, केशव, शिवम, सनी बाल्मीकि, नीरज, प्रिंस तथा महफूज समेत अन्य लोगों को भी नकदी दी गई थी.

इतना ज्यादा कैश मिलने पर उठे कई सवाल

इस मामले के सामने आने के बाद एक और सवाल चर्चा में है. जिस घर से इतनी बड़ी मात्रा में नकदी बरामद हुई, उसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा है. डिजिटल लेनदेन के दौर में घर में इतनी बड़ी रकम रखने को लेकर भी चर्चा हो रही है. बताया गया कि कारोबारी ने केस दर्ज कराते समय चोरी गई रकम का पूरा विवरण नहीं दिया था, लेकिन पुलिस जांच के दौरान पूरी घटना और बरामदगी सामने आई. अब इतनी बड़ी नकदी मिलने के बाद आयकर विभाग और जीएसटी विभाग की नजर भी इस मामले पर टिक सकती है.

ASP सुबोध गौतम ने क्या कहा?

हरदोई के अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) सुबोध गौतम ने कहा, '16-17 जुलाई की रात को रेलवेगंज के व्यवसायी पंकज अग्रवाल के घर में चोरी हुई थी. उन्होंने नामजद तहरीर दी कि उनके तीन नौकरों ने अलमारी में रखे पैसों के बैग चोरी कर लिए हैं. इस मामले की तफ्तीश करते हुए पुलिस ने लगभग 1 करोड़ 29 लाख रुपये बरामद किए हैं. 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. दो बाल अपचारी हिरासत में हैं. कुछ आरोपी अभी भी पुलिस की पकड़ से बाहर हैं.' पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों की तलाश जारी है और पूछताछ के आधार पर बाकी रकम की बरामदगी का भी प्रयास किया जा रहा है.