धम्मौर SHO को निलंबित करो वरना दे दूंगा जान... सुल्तानपुर पुलिस ने देर रात घर पर दी थी दबिश, अब सिंगर संजय यदुवंशी ने किया बड़ा ऐलान

यूपी तक

• 05:33 PM • 07 Oct 2026

 Awadhi Singer Sanjay Yaduvanshi News: सुल्तानपुर में देर रात पुलिस दबिश के बाद अवधी गायक संजय यदुवंशी ने धम्मौर SHO को निलंबित करने की मांग की और 9 तारीख को तिकोनिया पार्क में धरने का ऐलान किया.

सिंगर संयज यदुवंशी- फोटो/फेसबुक

सिंगर संयज यदुवंशी- फोटो/फेसबुक

Google CTA

 Awadhi Singer Sanjay Yaduvanshi News: सुल्तानपुर जिले में चर्चित अवधी गायक और यूट्यूबर संजय यदुवंशी के घर देर रात हुई पुलिस दबिश का मामला अब और गहरा गया है. परिजनों के गंभीर आरोपों और सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद संजय यदुवंशी ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ खुला मोर्चा खोल दिया है. संजय यदुवंशी ने नया बयान जारी करते हुए कहा है कि उनके खिलाफ धारा 307 (जानलेवा हमला) का कोई मुकदमा दर्ज नहीं है और उन्हें जबरन अपराधी बनाया जा रहा है. इस कार्रवाई के विरोध में उन्होंने 9 तारीख (शुक्रवार) को सुबह 10 बजे सुल्तानपुर के तिकोनिया पार्क में अनिश्चितकालीन धरने पर बैठने की घोषणा की है. उन्होंने प्रदेशभर के अपने समर्थकों और अन्याय के खिलाफ लड़ने वाले लोगों से इस प्रदर्शन में शामिल होने का आह्वान किया है.

यह भी पढ़ें...

संजय यदुवंशी ने धम्मौर SHO पर बोला हमला

संजय यदुवंशी ने पुलिस की कार्यप्रणाली पर तीखा हमला बोलते हुए धम्मौर थाना प्रभारी (SHO) सहित पूरे थाने के कर्मचारियों को तत्काल निलंबित करने और सार्वजनिक रूप से माफी मांगने की मांग की है. उन्होंने आक्रामक रुख अपनाते हुए कहा कि माता-पिता के सम्मान की रक्षा के लिए वे अपनी जान भी दे सकते हैं, लेकिन कायरों की तरह पीछे नहीं हटेंगे. इससे पहले सामने आए वीडियो में पुलिसकर्मी देर रात घर की चारदीवारी कूदकर अंदर दाखिल होते दिखे थे, जिसके बाद संजय के परिजनों ने गाली-गलौज और अभद्रता के गंभीर आरोप लगाए थे. वहीं, संजय के पिता ने भी एक वीडियो जारी कर बेटों का पुलिस एनकाउंटर किए जाने की आशंका जताई थी.

यहां देखें संजय यदुवंशी का फेसबुक पोस्ट

पुलिस का क्या कहना है?

दूसरी ओर, पुलिस प्रशासन ने संजय यदुवंशी और उनके परिवार द्वारा लगाए गए सभी आरोपों को पूरी तरह से असत्य और निराधार बताया है. क्षेत्राधिकारी लम्भुआ रितिक कपूर और पुलिस टीम का कहना है कि नगर कोतवाली में जफरुल हसन की तहरीर पर शबीब रजा के साथ हुई मारपीट और जानलेवा हमले के मामले में संजय यदुवंशी वांछित हैं. पुलिस के अनुसार, अदालत से जारी वारंट की तामील कराने के लिए ही पुलिस टीम विधिक प्रक्रिया के तहत उघड़पुर स्थित उनके आवास पर पहुंची थी. फिलहाल, दोनों पक्षों के आमने-सामने आने और संजय यदुवंशी द्वारा 9 तारीख को धरने के ऐलान के बाद जिला प्रशासन सतर्क हो गया है.

ये भी पढ़ें: पिता को एनकाउंटर का डर... देर रात अवधी सिंगर संजय यदुवंशी की तलाश में दीवार फांदकर घर में घुसी सुल्तानपुर पुलिस, क्या है मामला?