‘सोते-जागते PDA ही PDA...’ अखिलेश यादव ने CM योगी का 5 सेकंड का वीडियो शेयर कर कसा तंज, कही ये बात

यूपी तक

• 04:30 PM • 07 Oct 2026

उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘80-20’ वाले बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर पलटवार किया है.

Akhilesh Yadav

Akhilesh Yadav

Google CTA

Akhilesh Yadav on Yogi Adityanath: उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले सियासी बयानबाजी लगातार तेज होती जा रही है. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के ‘80-20’ वाले बयान को लेकर समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उन पर पलटवार किया है. अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री के भाषण का करीब पांच सेकंड का वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर शेयर किया और बीजेपी सरकार पर पीडीए के उत्पीड़न का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि 'मुख्यमंत्री ने अपने चिर-परिचित धमकी भरे अंदाज में खुद यह स्वीकार कर लिया है कि उनके शासन में पीडीए का उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है.'

यह भी पढ़ें...

अखिलेश बोले- पीडीए के साथ अत्याचार और अन्याय बढ़ने वाला है

अखिलेश यादव ने अपनी पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री के बयान का मतलब है कि पीड़ित, दुखी, अपमानित और पिछड़े, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी लोगों के साथ बीजेपी सरकार का अत्याचार और अन्याय आगे और बढ़ने वाला है. उन्होंने मुख्यमंत्री के बयान को पीडीए को दी गई धमकी बताते हुए कहा कि पांच सेकंड की यह स्वीकारोक्ति पीडीए का दमन करने वाले भाजपाइयों को ‘5 दशक क्या 5 सदियों और 5 जन्मों’ तक सिर उठाकर आंख मिलाने लायक नहीं छोड़ेगी. अखिलेश ने तंज कसते हुए कहा कि जब मुख्यमंत्री को सोते-जागते हर समय पीडीए ही दिखाई देता है तो उन्हें 108 मनकों पर पीडीए लिखवाकर उसकी माला बनाकर पीडीए का जाप करना चाहिए, इससे कम से कम उनके कुछ पाप कम होंगे.

‘2024 की हार की वजह से ऐसे बयान’

सपा अध्यक्ष ने बीजेपी पर निशाना साधते हुए कहा कि 2024 के चुनाव में हार की वजह से संतुलन बिगड़ गया है और इसी कारण ऐसे असंतुलित बयान सामने आ रहे हैं. अखिलेश यादव ने सवाल किया कि बीजेपी के पास अपनी बात रखने के लिए कोई मुद्दा नहीं है. उन्होंने कहा कि उपलब्धियों के स्तर पर बीजेपी दिवालिया है. अखिलेश ने यह भी दावा किया कि जनता ‘चढ़ावा चोरों’ की बात सुनने के मूड में नहीं है. उनके इस बयान के बाद यूपी की राजनीति में एक बार फिर बीजेपी और समाजवादी पार्टी के बीच जुबानी टकराव तेज होने के संकेत हैं.

सीएम योगी ने पटेल पार्क से क्या कहा था?

दरअसल, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 साल पूरे होने के मौके पर बुधवार को लखनऊ के जीपीओ स्थित पटेल पार्क में ‘सेवा ज्योति यात्रा-विकसित भारत संकल्प सभा’ का आयोजन किया गया था. इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने संबोधन के दौरान परोक्ष रूप से समाजवादी पार्टी पर निशाना साधा. उन्होंने कहा कि राज्यसभा चुनाव ने बता दिया है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव का परिणाम क्या होने जा रहा है. मुख्यमंत्री ने कहा कि यह लड़ाई फिर 80-20 की हो गई है. उनके मुताबिक 80 फीसदी एनडीए में और 20 फीसदी पीडीए में है. इसके बाद उन्होंने कहा कि पीडीए का क्या हाल होने वाला है, यह फिर सामने आने वाला है. मुख्यमंत्री के इसी बयान का पांच सेकंड का वीडियो शेयर करते हुए अखिलेश यादव ने उन पर हमला बोला है.