क्या सिराथू छोड़कर प्रयागराज की शहर उत्तरी से चुनाव लड़ेंगे केशव मौर्य?

आनंद राज

• 12:35 PM • 14 Oct 2026

यूपी विधानसभा चुनाव 2027 से पहले प्रयागराज की शहर उत्तरी सीट चर्चा में है. डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के यहां से चुनाव लड़ने की अटकलों के बीच बीजेपी और इंडिया गठबंधन में संभावित दावेदारों के नाम भी सामने आ रहे हैं.

Keshav Prasad Maurya

Keshav Prasad Maurya

Google CTA

उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर सियासी गलियारों में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया है. सबसे ज्यादा सुगबुगाहट प्रयागराज की हाई-प्रोफाइल सीट 'शहर उत्तरी विधानसभा' को लेकर हो रही है. राजनीतिक हवाओं में इस बात की चर्चा है कि उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य इस बार सिराथू सीट छोड़कर शहर उत्तरी से अपनी दावेदारी पेश कर सकते हैं. हालांकि इन अटकलों पर अभी तक कोई आधिकारिक मुहर नहीं लगी है.

यह भी पढ़ें...

क्या शहर उत्तरी से चुनाव लड़ेंगे डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य?

स्थानीय चर्चाओं और राजनीतिक विश्लेषकों के मुताबिक, पिछले कुछ महीनों से डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य का शहर उत्तरी विधानसभा क्षेत्र में लगातार आना-जाना, कार्यकर्ताओं और आम नागरिकों से संवाद बढ़ाना और उनके सुख-दुख में शामिल होने का क्रम तेज हुआ है. इसके चलते यह अटकलें लगाई जा रही हैं कि वह इस सुरक्षित और बीजेपी के गढ़ मानी जाने वाली सीट से चुनाव मैदान में उतर सकते हैं.

जब इस बारे में खुद केशव प्रसाद मौर्य से सवाल किया गया था तो उन्होंने स्पष्ट किया था कि वह पार्टी के अनुशासित सिपाही हैं और पार्टी जहां तय करेगी, वे वहीं से लड़ेंगे. उन्होंने यह भी कहा था कि वह खुद को उत्तर प्रदेश की सभी 403 विधानसभा सीटों का प्रत्याशी मानते हैं, क्योंकि टिकट वितरण का फैसला जिले से लेकर केंद्रीय संसदीय बोर्ड की एक तय प्रक्रिया के तहत होता है.

बीजेपी और इंडिया गठबंधन में दावेदारों की लंबी फेहरिस्त

शहर उत्तरी सीट पर फिलहाल भारतीय जनता पार्टी से हर्षवर्धन वाजपेयी मौजूदा विधायक हैं. स्थानीय जानकारों का मानना है कि इस सीट पर बीजेपी की स्थिति मजबूत रही है और हर्षवर्धन वाजपेयी का जनाधार भी यहां अच्छा खासा है. दूसरी ओर इंडिया गठबंधन की तरफ से भी टिकट के लिए कई नाम चर्चा में हैं.

अनुग्रह नारायण सिंह: कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक अनुग्रह नारायण सिंह की क्षेत्र में सक्रियता और होर्डिंग्स-बैनर्स लगातार दिख रहे हैं. पूर्व में वह यहां से चुनाव जीत चुके हैं जिससे उनकी दावेदारी काफी मजबूत मानी जा रही है.

संदीप यादव: समाजवादी पार्टी के युवा नेता संदीप यादव भी चर्चा के केंद्र में हैं. कुंभ मेले के दौरान लोगों की मदद करने और बाढ़ के समय नाव पर राहत सामग्री लेकर जनता के बीच पहुंचने के कारण वह खासे लोकप्रिय रहे हैं. सपा कोटे से उनकी दावेदारी को भी अहम माना जा रहा है.

इनके अलावा, सपा से शौर्यदीप, सचिन श्रीवास्तव, शशांक त्रिपाठी और प्रिया श्रीवास्तव जैसे नाम भी टिकट की रेस में शामिल हैं. वहीं बहुजन समाज पार्टी (BSP) की ओर से संजय गोस्वामी का नाम सबसे आगे चल रहा है.

आगे की तस्वीर क्या होगी?

फिलहाल शहर उत्तरी सीट पर केशव प्रसाद मौर्य के लड़ने की चर्चा केवल हवा में है और किसी भी दल ने अपने पत्ते नहीं खोले हैं. राजनीतिक जानकारों का मानना है कि जब तक मुख्य दल अपने उम्मीदवारों की आधिकारिक घोषणा नहीं करते और बीजेपी अपना अगला पासा नहीं फेंकती, तब तक इन कयासों पर कोई पक्की मुहर लगाना जल्दबाजी होगी. चुनाव नजदीक आने के साथ ही इस सीट पर समीकरण और अधिक रोचक होने की संभावना है.


 

ये भी पढ़ें: फिर बढ़ने वाली हैं सपा नेता आजम खान की मुश्किलें, जौहर यूनिवर्सिटी से जुड़े मामले में ED ने लिया एक्शन