भाजपा MLA राजीव सिंह पारीछा को युवाओं ने घेरकर खूब सुनाया, हाथ जोड़ने लगे विधायक जो बोले...

झांसी के चिरगांव में बीजेपी विधायक राजीव सिंह पारीछा को गांव के युवाओं के सवालों का सामना करना पड़ा. वायरल वीडियो में युवा सड़क, नाली, सफाई और विकास कार्यों को लेकर विधायक से सवाल करते दिख रहे हैं और कह रहे हैं कि वोट पार्टी नहीं, विकास के आधार पर देंगे.

UP Tak
Google CTA

'आज तक 9 साल हो गए आपने हमारे गांव में कितना आए? हमें एक बात बता दो... अगर आप हमारे गांव में विकास कराने के लिए आए तो कब आए? अब चुनाव का टाइम आ रहा है चार महीने गए तो आप हमारे गांव में आ रहे हैं...'

यह भी पढ़ें...

झांसी के चिरगांव में एक कार्यक्रम में पहुंचे बीजेपी विधायक राजीव सिंह पारीछा को युवाओं की नाराजगी का सामना करना पड़ा. युवाओं ने गांव की सड़क, नाली, सफाई और दूसरे विकास कार्यों को लेकर विधायक से सीधे सवाल पूछे. 

एक युवक ने यहां तक पूछ लिया कि विधायक बनने के बाद वह अब तक गांव में कितनी बार आए और विकास के लिए क्या काम कराया? युवाओं के सवालों का वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल है.

युवाओं ने सामने रख दिया विकास कार्यों का हिसाब

वायरल वीडियो में युवक विधायक से विकास कार्यों में खर्च होने वाली रकम और उसकी जानकारी सार्वजनिक करने की बात कहते नजर आ रहे हैं. उनका कहना था कि किसी काम की लागत कितनी है, यह पता होना चाहिए. 

इसी दौरान एक युवक ने कहा कि अगर सोशल मीडिया पर आवाज नहीं उठाई जाती तो विधायक उनके सामने नहीं आते. युवाओं ने चुनाव से कुछ महीने पहले गांव आने को लेकर भी सवाल उठाया.

‘हमें पार्टी से मतलब नहीं, विकास चाहिए’

बात बढ़ी तो कुछ समर्थकों ने युवाओं को रोकने की कोशिश की. इस पर युवाओं ने साफ कहा कि उन्हें बीजेपी या समाजवादी पार्टी से मतलब नहीं है. जो गांव का काम करेगा, वोट उसी को मिलेगा. एक युवक ने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी अच्छा काम करेगी तो उसे वोट देंगे और अगर बीजेपी अच्छा काम करेगी तो बीजेपी को वोट देंगे. उनका कहना था कि उन्हें पार्टी नहीं, गांव का विकास चाहिए.

विधायक ने कहा- वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया

वीडियो सामने आने के बाद विधायक राजीव सिंह पारीछा ने पूरे मामले पर अपना पक्ष रखा. उनका कहना है कि वीडियो को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है. विधायक के मुताबिक, वह चिरगांव में व्यापारी समाज के कार्यक्रम में गए थे. वहां उन्हें जानकारी मिली कि पास के करगुआ गांव में सफाई, नाली और जल निकासी जैसी समस्याओं को लेकर कुछ युवा नाराज हैं. इसके बाद वह गांव पहुंचे और लोगों से बातचीत की.

विधायक का दावा- पहले भी कई बार गांव गया हूं

राजीव सिंह पारीछा का दावा है कि करगुआ गांव में वह पिछले नौ साल में करीब 50 बार जा चुके हैं. उन्होंने कहा कि 4 सितंबर को भी वह गांव में दो से ढाई घंटे तक रहे थे और चौपाल लगाकर लोगों की समस्याएं सुनी थीं. 

विधायक के मुताबिक, गांव में करीब 70-80 लाख रुपये के विकास कार्य कराए गए हैं. उन्होंने यह भी कहा कि बातचीत के बाद उन्होंने अधिकारियों से सफाई, नाली और जल निकासी जैसी समस्याओं को दूर करने को कहा.

‘युवाओं की नाराजगी मुझसे नहीं, स्थानीय समस्याओं से थी’

विधायक ने कहा कि युवाओं की कुछ शिकायतें वाजिब थीं और उन्होंने अधिकारियों से इस पर बात की. उनका कहना है कि युवाओं का गुस्सा विधायक को लेकर नहीं, बल्कि गांव की स्थानीय समस्याओं को लेकर था. उन्होंने कहा कि आक्रोश में युवाओं ने कुछ बातें कहीं, लेकिन इससे साबित नहीं होता कि विधायक गांव में नहीं जाते रहे हैं.

2027 से पहले विधायक को लेकर फिर चर्चा

राजीव सिंह पारीछा 2017 और 2022 में लगातार विधानसभा चुनाव जीत चुके हैं. अब 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले गांव में युवाओं के इस तरह सवाल पूछने का वीडियो चर्चा में है. खास तौर पर इसलिए भी क्योंकि वीडियो में युवा खुले तौर पर कह रहे हैं कि वोट पार्टी के आधार पर नहीं, विकास के आधार पर देंगे. हालांकि, विधायक ने अपने पक्ष में गांव में कराए गए काम और पहले के दौरों का हवाला दिया है.

पहले भी विवादों में आए थे विधायक

राजीव सिंह पारीछा जून 2025 में भी चर्चा में आए थे. उस समय वंदे भारत एक्सप्रेस में एक यात्री के साथ मारपीट के आरोपों को लेकर विवाद हुआ था. उनके साथ कुछ समर्थकों के होने की बात भी सामने आई थी और इस मामले में पार्टी स्तर पर उनसे जवाब मांगे जाने की खबरें आई थीं. 

ये भी पढ़ें- कौन हैं IPS रवीना त्यागी, जिन्हें बनाया गया बाराबंकी का नया SP? लखनऊ में संभाल चुकी हैं DCP की जिम्मेदारी