उत्तर प्रदेश में मौसम अभी पूरी तरह साफ नहीं हुआ है. 8 अक्टूबर को प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और गरज-चमक का दौर देखने को मिल सकता है. मौसम विभाग के मुताबिक पश्चिमी यूपी में कुछ जगहों पर गरज-चमक के साथ बारिश हो सकती है, जबकि पूर्वी यूपी में बारिश का दायरा थोड़ा ज्यादा रहने की संभावना है. कुछ जिलों में आंधी जैसी तेज झोंकेदार हवा भी परेशान कर सकती है.
ADVERTISEMENT
8 अक्टूबर को किन जिलों में बारिश के आसार?
आईएमडी के मुताबिक, 8 अक्टूबर को पश्चिमी उत्तर प्रदेश में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश और गरज-चमक की संभावना है.
पश्चिमी हिस्से के सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, रामपुर, बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर और लखीमपुर खीरी समेत कई जिलों में बारिश के संकेत हैं. मध्य यूपी की तरफ सीतापुर, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली और आसपास के जिलों में भी कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है.
पूर्वी यूपी में बारिश का दायरा ज्यादा बड़ा दिख रहा है. बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बस्ती, संत कबीर नगर, गोरखपुर, महाराजगंज, कुशीनगर, देवरिया, आजमगढ़, मऊ, गाजीपुर और बलिया समेत कई जिलों में बारिश की संभावना है. दक्षिण-पूर्वी हिस्से में वाराणसी, चंदौली, मिर्जापुर और सोनभद्र तक बारिश के संकेत हैं.
हवा भी चलेगी तेज, इन इलाकों में ज्यादा सावधानी
8 अक्टूबर को सिर्फ बारिश ही नहीं, गरज-चमक और बिजली गिरने का खतरा भी रहेगा. पश्चिमी यूपी में कहीं-कहीं गरज के साथ बिजली चमकने की चेतावनी है. पूर्वी यूपी में गरज-चमक के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवा चल सकती है.
पश्चिम से ज्यादा पूर्वी यूपी में बारिश
8 और 9 अक्टूबर तक पूर्वी यूपी में बारिश की गतिविधि बनी रह सकती है. 8 अक्टूबर को पश्चिमी यूपी में छिटपुट बारिश और पूर्वी यूपी में कुछ जगहों पर बारिश का अनुमान है. 9 अक्टूबर को दोनों हिस्सों में कहीं-कहीं बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं.
10 अक्टूबर से बदलने लगेगा मौसम
10 अक्टूबर से पश्चिमी यूपी में मौसम के शुष्क होने की काफी संभावना है. हालांकि पूर्वी यूपी में उस दिन भी कुछ जगहों पर बारिश या गरज-चमक के साथ बौछारें पड़ सकती हैं. इसके बाद 11, 12 और 13 अक्टूबर को पूरे प्रदेश में मौसम मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है.
तापमान में पहले गिरावट, फिर बढ़ोतरी
तापमान को लेकर भी मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों का ट्रेंड बताया है. अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में करीब 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट हो सकती है. इसके बाद तापमान फिर बढ़ेगा और अगले दिनों में 3 से 5 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी की संभावना है. रात के तापमान में अगले सात दिनों के दौरान कोई बड़ा बदलाव नहीं होने का अनुमान है.
ये भी पढ़ें - ‘सोते-जागते PDA ही PDA...’ अखिलेश यादव ने CM योगी का 5 सेकंड का वीडियो शेयर कर कसा तंज, कही ये बात
ADVERTISEMENT











